बिजनौर:- शिवालाकलां के गांव टांडा में दुकान से उधार सामान देने से मना करने पर दुकानदार के बेटे को गांव के युवक ने पीट दिया। इसकी शिकायत करने गए किशोर के माता पिता आरोपित युवक के घर गए। इस पर आरोपित युवक ने अपने स्वजन के साथ दंपती पर लाठी-डंडों और धारदार हथियार से हमला कर दिया। पति की मौत हो गई, जबकि महिला की हालत नाजुक बनी हुई है। उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है। सीओ चांदपुर और थाना प्रभारी ने घटना की जानकारी हासिल की। शिवाला कला के गांव टांडा निवासी 50 वर्षीय यशपाल की गांव में किराने की दुकान है। शनिवार को यशपाल सिंह का 16 वर्षीय आर्यन दुकान पर बैठा हुआ था। इस दौरान गांव का भूपेंद्र दुकान पर सामान लेने आया था। सामान लेने के बाद आर्यन ने पैसे मांगे। उसने आर्यन को धमकाते हुए गाली गलौज करते हुए थप्पड़ जड़ दिया। कुछ देर बाद यशपाल के आने पर आर्यन ने घटना की जानकारी दी। यशपाल एवं उसकी पत्नी पारुल मामले की जानकारी पाकर भूपेंद्र के घर पहुंचे। इस बात से नाराज भूपेंद्र ने अपने स्वजन के साथ दोनों पर लाठी डंडे और धारदार हथियार से हमला कर दिया। धारदार हथियार सिर पर लगने से दंपती गंभीर रुप से घायल हो गए। गंभीर रुप से घायल दंपती को उपचार के लिए पीएचसी नूरपुर ले गए। चिकित्सक ने यशपाल को मृत घोषित कर दिया गया। पारुल को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। प्रभारी निरीक्षक सवेंद्र कुमार शर्मा ने बताया की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज किया जाएगा। आरोपितों की तलाश की जा रही है। उधार देने को लेकर विवाद हुआ है।