बिजनौर:- रामपुर जिले में तैनात एक सिपाही को मंगेतर से दुष्कर्म के आरोप में नगीना देहात थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपित को जेल भेज दिया है। आरोपित सिपाही आरिफ के निलंबन की रिपोर्ट एसपी रामपुर को भेजी गई है। इस संबंध में पीड़ित युवती ने एक अप्रैल 2022 को नगीना देहात थाने में आरोपित सिपाही आरिफ के खिलाफ दहेज उत्पीड़न और दुष्कर्म की धारा में मुकदमा दर्ज कराया था। आरोपित सिपाही नजीबाबाद क्षेत्र के एक गांव का रहने वाला है। आरोप है कि रिश्ता तय होने पर आरोपित ने कई बार युवती से दुष्कर्म किया। इसके बाद 25 लाख रुपये की मांग करते हुए शादी से इन्कार कर दिया था। युवती ने एसपी के समक्ष पेश होकर कार्रवाई की गुहार लगाई, जिसके बाद आरोपित के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ था। शुक्रवार को नगीना देहात थाना पुलिस ने आरोपित सिपाही आरिफ को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया। बता दें कि आरोपित सिपाही ने मामले में अग्रिम जमानत के लिए बिजनौर न्यायालय में अर्जी दाखिल की थी, लेकिन वह खारिज हो गई। आरोपित उच्च न्यायालय जाना चाहता था, लेकिन नगीना देहात पुलिस ने उसे दबोच लिया। नगीना देहात थानाध्यक्ष रविंद्र कुमार भाटी का कहना है कि आरोपित सिपाही का चालान कर दिया गया है। सिपाही की तैनाती रामपुर के गंज थाने में थी, वह एक अप्रैल से गैरहाजिर चल रहा है।