
बिजनौर:- हरिद्वार-काशीपुर नेशनल हाईवे पर गुरुवार रात एक बड़ा हादसा होने से बच गया। गांव शिवपुरी में राधा स्वामी सत्संग भवन के पास रोडवेज की एक बस की बैलगाड़ी से टक्कर हो गई। इस दौरान रोडवेज बस के पीछे आ रही एक टूरिस्ट बस भी रोडवेज बस से टकरा गई। चालक ने किसी तरह बस को हाईवे किनारे रास्ते पर उतार दिया। बस से सवारियों को निकाला जा रहा था, तभी टूरिस्ट बस में आग लग गई। हालांकि बस में सवार एक व्यक्ति गंभीर रूप से झुलस गया। गुरुवार रात करीब साढ़े आठ बजे हरिद्वार-काशीपुर नेशनल हाईवे पर खैरा ट्रांसपोर्ट की सीएनजी टूरिस्ट बस नेपाल बार्डर के तिकोनिया से लुधियाना जा रही थी, जिसमें 22 लोग सवार थे। गांव शिवपुरी के पास सत्संग भवन के निकट पहुंचने पर टूरिस्ट बस के आगे चल रही नैनीताल डिपो की रोडवेज बस एक बैलगाड़ी से टकरा गई। इसमें बैल की मौत हो गई, जबकि बैलगाड़ी चालक गणेश कुमार निवासी गांव जिक्रीवाला थाना अफजलगढ़ गंभीर रूप से घायल हो गया। इसी दौरान पीछे चल रही टूरिस्ट बस की रोडवेस बस से टक्कर हो गई। चालक ने बचाते हुए बस को हाईवे किनारे गहरे में उतार दिया। बस से सवारियों को उतारा जा रहा था, तभी शार्ट सर्किट से टूरिस्ट बस में आग लग गई। गनीमत रही कि सभी यात्री समय रहते निकल गए। केवल 25 वर्षीय हर्षदीप पुत्र जगदीश निवासी जालंधर पंजाब गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बैलगाड़ी चालक कलवा और हर्षदीप को सीएचसी अफजलगढ़ में भर्ती कराया, जहां से दोनों को हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। मौके पर मौजूद एसएसआई दिनेश कुमार ने बताया कि हादसे में पांच-छह सवारियां भी चोटिल हुई हैं, लेकिन उनको प्राथमिक उपचार के बाद भेज दिया गया है। घटना के बाद दोनों बसों के चालक व परिचालक फरार हो गए, जिस कारण पूरी जानकारी नहीं मिल सकी है। मौके पर फायर ब्रिगेड और नगर पालिका के टैंकरों ने आग पर काबू पाया।
0 Comments