
बेसहारा पशुओं द्वारा किसानों की फसलों को हो रहे नुकसान की समस्या के समाधान के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रत्येक ब्लाक व नगर पालिका क्षेत्र में गोशाला बनाने के आदेश दिए हैं, लेकिन धामपुर में भूमि उपलब्ध नहीं होने के कारण गोशाला का निर्माण नहीं हो सका था। जिला मुख्यालय के निर्देश पर अब तहसील प्रशासन ने नगर पालिका को गांव रसूलपुर इम्मा में 30 बीघा भूमि उपलब्ध कराई है। जल्द ही यहां गोशाला का निर्माण शुरू होगा। धामपुर तहसील क्षेत्र में शेरकोट, अफजलगढ़ और नहटौर में तो पहले से ही गोशाला उपलब्ध हैं, लेकिन धामपुर में गोशाला नहीं है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आदेश के बाद जिला प्रशासन ने राजस्व विभाग को भूमि उपलब्ध कराने के निर्देश दिए थे। अब धामपुर तहसील प्रशासन ने नगर पालिका को शहर से करीब दो किलोमीटर दूर गांव रसूलपुर इम्मा में 30 बीघा भूमि उपलब्ध कराई है। यह भूमि राजस्व अभिलेखों में चारागाह के रूप में दर्ज है। एसडीएम विजय वर्धन तोमर और नगर पालिका ईओ सुभाष कुमार ने भूमि का निरीक्षण भी किया था। भूमि की पैमाइश भी करा ली गई है। एसडीएम ने बताया कि धामपुर के अलावा स्योहारा और सहसपुर में भी गोशाला बनाई जानी हैं। 40 पशुओं की क्षमता की अस्थाई गोशाला गांव रसूलपुर इम्मा में शुरुआत में 40 पशुओं के लिए अस्थाई गोशाला बनेगी। इसके अलावा स्योहारा नगर पालिका की ओर से गांव सलेमपुर झिल्ला, स्योहारा ब्लाक की ओर से गांव अमानतपुर और रतनपुरा में भी अस्थाई गोशाला की तैयारी शुरू कर दी गई है। अमानतपुर में 65 बीघा और रतनपुरा में 35 बीघा में गोशाला बनेगी। इन्होंने कहा... रसूलपुर इम्मा में 40 पशुओं की क्षमता वाली अस्थाई गोशाला बनाई जानी है। एसडीएम ने सहमति प्रदान कर दी है। राजस्व विभाग द्वारा भूमि सौंपने की प्रक्रिया पूरी होते ही आगामी तीन-चार दिनों में निर्माण कार्य शुरू करा दिया जाएगा। -सुभाष कुमार, ईओ, नगर पालिका धामपुर।
0 Comments