
बिजनौर:- कोतवाली देहात क्षेत्र के गांव शहबाजपुर में गुरुवार सुबह युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। युवक को उसकी दुकान से अपहरण करके आरोपित अपने घर ले गए थे। भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के महेश्वरी मंडल अध्यक्ष समेत 12 आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। एक आरोपित को पुलिस ने हिरासत में लिया है। गांव शहबाजपुर निवासी इकरार अहमद जगन्नाथपुर मार्ग पर साइकिल रिपेयरिंग की दुकान करता था। उसका गांव के ही अनीस अहमद से विवाद चल रहा था। गुरुवार सुबह इकरार अपनी दुकान पर बैठा था, तभी अनीस व उसके साथी आए और इकरार को जबरन कार में डालकर अपने घर ले गए। उसकी लाठी-डंडों और सरियों से जमकर पिटाई की। मौके पर पहुंची डायल यूपी-112 पुलिस ने घायल इकरार को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां से जिला अस्पताल बिजनौर ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने इकरार को मृत घोषित कर दिया। सीओ नगीना सुमित शुक्ला व थाना प्रभारी निरीक्षक हरीशचंद्र जोशी ने पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली। पुलिस ने मृतक इकरार के भाई की तहरीर पर आरोपित अनीस अहमद व भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के महेश्वरी मंडल अध्यक्ष मैनुद्दीन समेत 12 के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। घटना में प्रयोग की गई कार भी बरामद की है। देर शाम एसपी देहात रामअर्ज ने घटनास्थल का मुआयना किया। मृतक की पत्नी और पांच बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। एसपी देहात रामअर्ज ने बताया कि दोनों पक्षों में पुरानी रंजिश है। मारपीट में युवक की मौत हुई है। एक आरोपित को हिरासत में ले लिया गया है। - जमीन को लेकर चली रही रंजिश इकरार अहमद और अनीस के बीच कई वर्ष से जमीन के विवाद को लेकर रंजिश चल रही थी। दोनों पक्ष के ऊपर 2018 में मारपीट सहित अन्य धाराओं में दो मुकदमे दर्ज हुए थे। बुधवार को इकरार की बहन ने आरोपितों के खिलाफ चोरी के आरोप में तहरीर दी थी। पुलिस ने देर शाम दोनों पक्षों में समझौता करा दिया था। गुरुवार सुबह आरोपितों ने दुस्साहसिक वारदात को अंजाम दे दिया। - आरोपित पक्ष की महिलाओं ने दी सूचना मारपीट के दौरान आरोपित अनीस अहमद के परिवार की महिलाओं ने पुलिस को सूचना दी कि इकरार हमारे में घर में घुस गया है और मारपीट कर रहा है। पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन की। उसमें पता चला कि इकरार को आरोपित उसकी दुकान से अपहरण करके अपने घर में ले गए थे।
0 Comments