
बिजनौर:- बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार संदीप सिंह ने विकास भवन में कानून व्यवस्था एवं विकास कार्यों की समीक्षा बैठक में कहा कि जन कल्याणकारी योजनाओं में अनियमितता एवं लाभार्थी को किसी भी प्रकार से प्रताड़ित किए जाने की शिकायत सही पाई गई तो संबंधित विभाग के अधिकारी के विरुद्ध जीरो टालरेन्स के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। बेसिक शिक्षा मंत्री ने कहा कि सरकारी योजनाओं को मानक के अनुरूप क्रियान्वयन और उनका लाभ लाइन में अंतिम स्थान पर खड़े व्यक्ति को निश्चित रूप से मिलना चाहिए। उन्होंने डीएम को निर्देशित किया कि विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं में अनियमितता एवं लाभार्थी को किसी भी प्रकार से प्रताड़ित किए जाने की शिकायत सही पाई जाती है, तो उक्त विभाग के अधिकारी के विरुद्ध दंडात्मक कार्रवाई अमल में लाई जाए। डीएम ने मंत्री को जिले में चल रही सरकारी याेजनाओं की बिंदुवार जानकारी देते हुए कहा कि एनआरएलएम में जिला कई वर्षा से प्रदेश में प्रथम स्थान पर रहा है। उन्होंने बताया कि महिला सशक्तिकरण एवं उन्हें स्वावलंबी बनाने के लिए कई कार्य हुए हैं। इसके सुपरिणाम महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण के रूप में सामने आ रहे हैं। उन्होंने मंत्री से धामपुर में 100 बेड के तैयार अस्पताल के लिए चिकित्सक, मेडिकल एवं पेरा मेडिकल स्टाफ उपलब्ध कराने की बात कही, ताकि इस अस्पताल के संचालन हो सके। डीएम ने नजीबाबाद-बालावाली-लक्सर मार्ग पर गंगा नदी के सेतु के पहुंच मार्ग निर्माण एवं सुरक्षात्मक कार्यों के लिए भी शासन से एकमुश्त समुचित धनराशि उपलब्ध कराने का मांग की। -चौपालों के जरिए अपडेट हो रही सरकार बेसिक शिक्षामंत्री संदीप सिंह ने विकास भवन में पत्रकार वार्ता में कहा कि सरकार चाैपालों के जरिए सरकारी योजनाओं का लाभ पात्रों को मिल रहा है अथवा नहीं, इसका अपडेट ले रही है। सरकार की मंशा पात्रों तक जन कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने की है। उन्होंने कहा कि निरीक्षण के दौरान मिली शिकायतों को नोट कराकर संबंधित अधिकारियों के पास निस्तारण को भेजी जा रही है। सूबे में चिकित्सकों की कमी को पूरा करने के लिए सभी जिलों में मेडिकल कालेज बनाए जा रहे हैं, ताकि इन मेडिकल कालेज में अध्ययन करने वाले चिकित्सकों की सरकारी अस्पतालों में तैनाती की जा सके। पत्रकारवार्ता में जिला पंचायत अध्यक्ष साकेंद्र प्रताप सिंह एवं डीएम उमेश मिश्रा समेत सभी जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद थे।
0 Comments