मुजफ्फरनगर:-चरथावल में इंटरनेट मीडिया पर वीडियो वायरल कर विवाहित महिला ने चेतावनी दी है कि यदि किसी ने मदद नहीं की, तो मैं इसी गांव में आत्मदाह कर लूंगी। उसने वीडियो में पति व ससुर (वर्तमान प्रधान) पर उत्पीड़न कर घर से निकालने का आरोप लगाया है। पीड़ित महिला ने बताया कि वह उनके अत्याचारों से तंग आकर गांव के रविदास मंदिर में बच्ची के साथ रह रही है। कस्बा निवासी महिला ने प्रेम प्रसंग के चलते कई वर्ष पूर्व ग्राम रसूलपुर के प्रधान के पुत्र सुशील से प्रेम विवाह किया था। बताया गया है कि सुशील ऋषिकेश में रेलवे विभाग में नौकरी करता है। पति-पत्नी के बीच काफी समय से विवाद चल रहा है। इसी के चलते दोनों के बीच न्यायालय में तलाक का मुकदमा भी विचाराधीन है। आरोप है कि तीन दिन पूर्व मुकदमे की तारीख भुगतने आये दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। महिला ने अपने पति के विरुद्ध मारपीट की तहरीर थाने में दी थी जिस पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी। इसके बाद महिला ने बच्ची के साथ गांव के रविदास मंदिर में शरण ले ली और रविवार को पति व ससुर के विरुद्ध मारपीट व उत्पीड़न करने का आरोप लगाते हुए इंटरनेट मीडिया पर वीडियो वायरल कर दिया। वायरल वीडियो में महिला ने चेतावनी दी कि यदि मेरी किसी ने कोई मदद नही की तो मैं इसी गांव के मंदिर में आत्मदाह कर लूंगी। महिला के इंटरनेट मीडिया पर वीडियो वायरल कर देने से पुलिस में अफरातफरी मच गयी। महिला के ससुर प्रधान ने आरोपों को निराधार बताया है। थाना प्रभारी ज्ञानेश्वर बौद्ध का कहना है कि महिला की तहरीर पर पति के विरुद्ध मुकदमा पंजीकृत कर कार्रवाई शुरू कर दी गयी।