मुजफ्फरनगर:- जिले में 75 अमृत सरोवर को मंजूरी मिली है, जिनमें पहला अमृत सरोवर रामपुर गांव में तैयार हो रहा है। प्रत्येक पर करीब 16 लाख रुपये का खर्च आएगा। अमृत सरोवर गांव की शान होंगे और कई उद्देश्यों को पूरा करेंगे। प्रकृति प्रेम का संदेश देने के साथ ही गांव के जल स्तर में सुधार होगा। इसके साथ ही एक चबूतरा बनेगा, जहां पर 15 अगस्त को तिरंगा फहराया जाएगा और देशभक्ति के तराने गूजेंगे। अहम बात यह है कि ये स्वच्छ पानी से लबालब होंगे। केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी योजना अमृत सरोवर के तहत जिले के 75 गांवों का चयन हुआ है। इनमें जल और पर्यावरण संरक्षण के लिए अमृत सरोवर बनाए जाएंगे। जिले के सदर ब्लाक स्थित रामपुर गांव में पहला अमृत सरोवर तैयार हो रहा है। निर्माण कार्य मनरेगा, क्षेत्र पंचायत और ग्राम पंचायत से कराया जा रहा है। वहीं बढ़ेड़ी गांव में भी कार्य प्रगति पर है। इसके अलावा पांच अमृत सरोवर की कार्ययोजना तैयार है। अन्य की कार्ययोजना जुलाई माह तक तैयार हो जाएगी। --- स्वतंत्रता सेनानियों के गांव को वरीयता अमृत सरोवर चयन में स्वतंत्रता सेनानियों के गांवों को वरीयता दी गई है। मनरेगा और पंचायतों के बजट से निर्माण होगा। अमृत सरोवर को भव्य रूप दिया जाएगा। इसके लिए सरोवर में उतरने के लिए सीढ़ियां भी बनाई जाएंगी। साथ ही एक चबूतरा बनेगा। जहां पर 15 अगस्त को देशभक्ति से ओतप्रोत कार्यक्रम होंगे। --- कई उद्देश्यों की होगी पूर्ति अमृत सरोवर कई उद्देश्यों को पूरा करेंगे। अमृत सरोवरों से जल संकट दूर होगा व भूमिगत जल स्तर बढ़ेगा। पौधारोपण से पर्यावरण संरक्षण होगा। अमृत सरोवर के पास स्वतंत्रता संग्राम सेनानी के संपूर्ण विवरण और योगदान की जानकारी संबंधित पट्टिका या बोर्ड पर अंकित होंगी। इससे स्वतंत्रता संग्राम में उनके योगदान की यादें जिंदा रहेंगी। अमृत सरोवरों को आकर्षक एवं हर तरीके से उपयोगी बनाने के लिए घाट का निर्माण किया जाएगा। --- तीन तरह के पौधे लगाए जांएगे अमृत सरोवर के किनारों पर तीन स्तर में पौधारोपण किया जाएगा, जिसमें प्रथम स्तर पर शोभादार पौधे, द्वितीय स्तर पर फलदार और तीसरे स्तर पर छायादार घने पौधे लगाए जाएंगे। सुबह-शाम ग्रामीण यहां टहल सकेंगे। ये सब मानव स्वास्थ्य एवं पर्यावरण संरक्षण में सहायक सिद्ध होंगे। --- प्रभारी जिला विकास अधिकारी प्रमोद कुमार यादव ने बताया कि शासन से 15 अगस्त तक सभी अमृत सरोवर तैयार कराने का लक्ष्य मिला है। स्वतंत्रता दिवस पर ध्वजारोहण होगा। कम से कम एक एकड़ में निर्माण होगा। इनमें साफ पानी की व्यवस्था रहेगी। --- सरकार की बहुत अच्छी योजना रामपुर गांव की प्रधान मुनेश शर्मा का कहना है कि अमृत सरोवर गांव के बाहर तैयार हो रहा है। सरकार की यह बहुत अच्छी योजना है। इससे सभी ग्रामीणों को फायदा होगा। गांव रामपुर के शुभम का कहना है कि सरोवर गांव की शान होगा। इससे सभी को फायदा मिलेगा। गांव बढ़ेड़ी के संदीप चेयरमैन का कहना है कि गांव में अमृत सरोवर बनने से सभी को लाभ मिलेगा। जल संरक्षण के साथ ही प्रकृति प्रेम का संदेश दूर तक जाएगा।