मुजफ्फरनगर:- बुढ़ाना स्थित रजिस्ट्री कार्यालय पर सब-रजिस्ट्रार पर अनियमितताओं की शिकायत पर जांच को पहुंचे एडीएम वित्त अजय कुमार तिवारी ने दस्तावेजों की जांच की। इस दौरान आनलाइन साइट न चलने से घंटों जांच कार्य बाधित रहा। बुढ़ाना तहसील परिसर स्थित रजिस्ट्री कार्यालय पर अक्सर फीस से अधिक शुल्क वसूलने की बात सामने आती रहती है। सर्किल रेट व उससे जुड़े अधिक शुल्क लेने की शिकायत दस्तावेज लेखक पवन सैनी ने की थी। एडीएम वित्त अजय कुमार तिवारी ने भी सब-रजिस्ट्रार कार्यालय का निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यालय पर दस्तावेजों की जांच की। जांच के दौरान रिकार्ड के रखरखाव सही न मिलने पर नाराजगी जताई। इस दौरान अधिकारी विभिन्न दस्तावेजों की प्रतिलिपियां कराकर अपने साथ ले गए। जांच की सूचना पर कई ग्रामीण मौके पर पहुंच गए, उन्होंने सब-रजिस्ट्रार पर गंभीर अनिमितता के आरोप लगाए। ग्रामीण लिफाकत ने आरोप लगाया कि रजिस्ट्री का शुल्क देने के बाद हिसाब मांगा जाता है तो सब-रजिस्ट्रार अभद्रता करती हैं और उन्हें नोटिस भेज देती हैं। इस दौरान कई ग्रामीण रजिस्ट्री शुल्क से अधिक रुपये लेने का आरोप लगाते रहे। जांच के दौरान एसडीएम अरुण कुमार व तहसीलदार सतीश चंद्र बघेल आदि मौजूद रहे। एडीएम वित्त अजय कुमार तिवारी ने बताया कि सब-रजिस्ट्रार कार्यालय का निरीक्षण किया गया। मिली शिकायतों पर उनका अध्ययन कर जांच की जाएगी।