मुजफ्फरनगर:-मुजफ्फरनगर से लखनऊ जा रही रोडवेज बस को जानसठ में रूकवाकर बाइक सवार युवकों ने चालक के साथ मारपीट कर दी। सवारियों ने आरोपित दो युवकों को पकड़ लिया। चालक बस को लेकर मीरापुर थाने पहुंचा। ककरौली थानाक्षेत्र के गांव टंढ़ेड़ा निवासी अनुज कुमार पुत्र इकबाल सिंह मुजफ्फरनगर डिपो की बस को लेकर लखनऊ जा रहा था। आरोप है कि जानसठ की सवारियों को तालड़ा मोड़ पर उतरना था लेकिन चालक ने मुख्य स्टेंड पर उतार दिया। जिससे नाराज युवक ने अपने साथियों को फोन करके बुला लिया तथा बाइक से बस का पीछा करके सालारपुर के निकट बस के आगे बाइकें लगाकर बस को रूकवा लिया तथा चालक के साथ मारपीट कर दी। चालक ने बस को दौड़ा लिया तो सवारियों ने दो आरोपित युवकों को दबोच लिया। चालक बस को मीरापुर थाने लेकर पहुंचा तथा पुलिस को घटना की जानकारी दी। इंस्पेक्टर दिनेश कुमार ने बताया कि घटनास्थल जानसठ क्षेत्र का है तथा वहां की पुलिस को घटना के बारे में बताया गया है। पुलिस ने दोनों पक्षों के लोगों को जानसठ भेज दिया।
0 Comments