अवैध संबंध चलते पत्नी की हत्या


मुजफ्फरनगर:- छपार अवैध संबंध का विरोध करने पर एक व्यक्ति ने पत्नी की गला दबाकर हत्या कर दी। स्वजन ने पति, देवर व ससुर के विरुद्ध हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है।

बाननगर गांव निवासी भोपाल सिंह ने बताया कि उनकी पुत्री शर्मिष्ठा की शादी 14 साल पहले रहकड़ा गांव निवासी सोहनलाल उर्फ सोनू पुत्र रामलाल से हुई थी। सोहनलाल के दूसरी महिला से संबंध थे, जिसका शर्मिष्ठा विरोध करती थी। इस पर सोहनलाल मारपीट करता था। शर्मिष्ठा 15 दिन से पुत्रों आरव व अरनव के साथ रामपुर तिराहा पर शनिदेव मंदिर के पीछे किराए के मकान में रह रही थी। शनिवार रात आरोपित सोहनलाल पत्नी के पास पहुंचा और अपने भाई पपींद्र व पिता रामलाल के साथ मिलकर उसकी गला दबाकर हत्या कर दी। प्रभारी निरीक्षक आशुतोष कुमार ने बताया कि पिता की तहरीर पर सोहनलाल, पपींद्र व रामलाल के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर सोहनलाल को गिरफ्तार कर लिया है।


मारपीट में महिला व पति घायल


चरथावल थाना क्षेत्र के गुनियाजुड्डी गांव निवासी सीमा पत्नी बाबी ने दी तहरीर में बताया कि बिरालसी निवासी दीपक, आशु व संदीप करीब 10 अज्ञात साथियों के साथ पीड़िता के घर आकर पति बाबी से गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर लाठी-डंडे, तमंचे व धारदार हथियार से हमला बोल दिया। बीच-बचाव करने पर पीड़िता को भी मारपीट कर घायल कर दिया। पुलिस ने घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया। थाना प्रभारी ज्ञानेश्वर बौद्ध ने बताया कि तीन नामजद व दस अज्ञात के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया है।


तीन ट्यूबवेल से सामान चोरी


छपार थाना क्षेत्र के दत्तियाना गांव के जंगल में स्थित किसान प्रवीण पुत्र बीरसेन व आदित्य पुत्र वीरेंद्र और देवेंद्र पुत्र ईसम सिंह के ट्यूबवेल के ताले तोड़कर मोटर, स्टार्ट व केबिल आदि चोरी कर ले गए। रविवार सुबह किसानों को चोरी की जानकारी हुई। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर जानकारी ली। पीड़ित किसानों ने तहरीर दी है।


कैंटर चालक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज


 छपार में मुजफ्फरनगर-सहारनपुर स्टेट हाईवे पर कैंटर की टक्कर से बाइक सवार युवक अनंत त्यागी उर्फ मीकू की मौत हो गई थी। रोहाना चौकी क्षेत्र के रोहाना कला गांव निवासी इंद्रबोस पुत्र बीरबल ने मामले में मुकदमा दर्ज कराते हुए बताया कि शनिवार शाम को उनका भतीजा अनंत बाइक से मुजफ्फरनगर से गांव लौट रहा था। बावनदरा पुल के पास पीछे से तेज गति से आ रहे कैंटर ने उसे टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई थी।


युवक से रुपये छीनकर मारपीट


 खतौली के सराय रसूलपुर गांव निवासी इंद्र पुत्र अमीचंद ने तहरीर देकर बताया कि शनिवार शाम वह घर लौट रहा था। जीटी रोड पर एक नर्सिंग होम के पास अज्ञात युवक ने उसे रोका और मारपीट कर उसकी जेब से 1600 रुपये छीनकर भाग गया। पीड़ित ने कार्रवाई की मांग की है।


ससुराल में युवक की पिटाई


खतौली में मंसूरपुर के पुरबालियान गांव निवासी मिथुन ने थाने में तहरीर देकर बताया कि रविवार को वह भैंसी गांव में पत्नी को लेने आया था। आरोप है कि ससुराल पक्ष के लोगों ने उसके साथ मारपीट कर घायल कर दिया। पीड़ित ने पत्नी को साथ भिजवाने की गुहार लगाई है।


पति रुपये लेकर घर से फरार

खतौली के जैन नगर मोहल्ला निवासी महिला ने थाने में तहरीर दी है। आरोप है कि उसके पति के एक महिला से अवैध संबंध है। रविवार को पति घर में रखे पौने दो लाख रुपये लेकर महिला के संग भाग गया। पीड़िता ने कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


आरोपित पकड़ा, तमंचा बरामद


चरथावल पुलिस ने चेकिंग के दौरान चौकड़ा नहर पुल से एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर तमंचा बरामद किया है। थाना प्रभारी ज्ञानेश्वर बौद्ध ने बताया कि कस्बा इंचार्ज आशुतोष सिंह ने टीम के साथ चौकड़ा नहर पुल के पास से एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर तमंचा बरामद किया। आरोपित ने अपना सलीम पुत्र मंजूर बताया, जो शामली जिले के थानाभवन थाना क्षेत्र की घासमंडी मोहल्ले का रहने वाला है। आरोपित का चालान कर दिया है।


महिला से छेड़छाड़, मारपीट


चरथावल थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला ने गांव के ही व्यक्ति पर अश्लील हरकत करने व विरोध करने पर लाठी-डंडे से मारपीट करने का आरोप लगाया है। पीड़िता के पति ने थाने में तहरीर दी है। बताया है कि गांव में अपनी दुकान पर बैठी पत्नी से गांव के ही व्यक्ति ने अश्लील हरकत की। मामले में मुकदमा दर्ज किया गया है।


महिला से मारपीट


पुरकाजी के खाईखेड़ी में विवाद के चलते दो लोगों ने पड़ोस की महिला को पीट दिया। पुलिस के अनुसार खाईखेड़ी निवासी बबली ने शिकायत दर्ज कराई है कि पड़ोसी सोनू व सुरेश ने रविवार सुबह उससे मारपीट की। दोनों पक्षों में मुकदमेबाज़ी चल रही है। पुलिस रिपोर्ट दर्ज कर आरोपितों की तलाश में जुटी है।


तीन का चालान


पुरकाजी पुलिस के अनुसार जाटान मोहल्ला निवासी शाहरुख़ की पड़ोसियों से तथा तुगलकपुर निवासी पिंटू व कपिल की आपस में झगड़ने की शिकायत मिली थी। पुलिस ने तीनों आरोपितों का रविवार को चालान कर दिया।


प्रधान पुत्र से मारपीट


 मंसूरपुर में नाला सफाई के दौरान कुछ लोगों ने प्रधान पुत्र से मारपीट कर दी। सोहंजनी तगान की प्रधान धर्मवीरी ने पुलिस को तहरीर देते हुए बताया कि वह पुत्र प्रभात तोमर के साथ गांव में नाले की सफाई करवा रही थीं। इसी दौरान ग्राम पंचायत की जमीन से अवैध कूड़ी हटवाने पर गांव के ही श्रवण त्यागी, शुभम, अनिल तथा अजय ने उनके पुत्र के साथ जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करके मारपीट की। थाना प्रभारी सुशील कुमार सैनी ने बताया कि आरोपितों की धरपकड़ के लिए दबिश दी जा रही है।


एक गिरफ्तार, तमंचा बरामद


मंसूरपुर पुलिस ने चेकिंग के दौरान सहारनपुर जिले के देवबंद थाना क्षेत्र के राजूपुर गाव निवासी शहजाद पुत्र नसीम को नरा बिजलीघर के समीप से गिरफ्तार कर उससे 315 बोर का तमंचा व दो कारतूस बरामद किया है। आरोपित को जेल भेजा है।


टाप-10 अपराधी जेल भेजा


खतौली पुलिस ने रविवार को आवास-विकास विहार के निकट घूम रहे युवक को पकड़ लिया। तलाशी में उसके पास से चाकू बरामद हुआ है। युवक ने अपना नाम विपुल उर्फ जानी पुत्र राज सिंह बताया है। वह मुबारिकपुर का रहने वाला है। आरोपित थाने का टाप-10 अपराधी है। उसे जेल भेज दिया गया।


चोर रंगेहाथ दबोचा


जानसठ पुलिस ने पिमौड़ा गांव निवासी बदमाश को किसान का टिलर चोरी कर ले जाते रंगेहाथ दबोच लिया। इंस्पेक्टर बीआर वर्मा ने बताया कि पिमौड़ा गांव निवासी इंतजार पुत्र शराफत गांव के ही किसान का टिलर चुराकर ले जा रहा था। पुलिस ने उसे रविवार को जेल भेज दिया।