नई मंडी कोतवाली क्षेत्र के भोपा रोड स्थित बैंक्वट हाल से हिरासत में लिया गया दूल्हा दूसरे दिन भी थाने में बैठा रहा। एक युवती ने उस पर दूसरी शादी करने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया था। सोमवार शाम शहर निवासी एक युवक की भोपा रोड स्थित एक बैंक्वट हॉल में शादी थी। इसी दौरान एक युवती वहां पहुंची और दूल्हे पर दूसरी शादी करने का आरोप लगाते हुए हंगामा कर दिया था। युवती का आरोप था कि दूल्हे से उसका प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों ने आर्य समाज मंदिर में शादी कर रखी थी। दोनों पक्षों के बीच बहस व हंगामा होने की सूचना मिलते ही नई मंडी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गयी। पुलिस ने युवती के आरोपों के आधार पर दूल्हे को हिरासत में ले लिया और उसे लेकर थाने पर आ गयी। वही हंगामा होने पर लड़की पक्ष के लोगों ने शादी करने से इंकार कर दिया। युवक और उसके स्वजन का लड़की पक्ष के लोगों से तो समझौता हो गया, लेकिन युवती अपनी बात पर अड़ी हुई थी। इसके चलते मंगलवार को भी युवक थाने में बैठा रहा। नई मंडी कोतवाल पंकज पंत का कहना है कि युवक के स्वजन युवती को समझाने के प्रयास में जुटे हैं।
0 Comments