
मुजफ्फरनगर:-छपार कस्बे में टेंट व्यवसायी पर दो युवकों ने जान से मारने की नीयत से कैंची से हमलाकर कर लहूलुहान कर दिया। आरोपित ने टेंट की दुकान में घुसकर तोड़फोड़ भी की। ग्रामीणों ने आरोपितों को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया। छपार कस्बा निवासी रमेश नायक टेंट व्यवसायी हैं। गुरुवार को वह हाईवे पर स्थित श्रीविश्वनाथ शिव मंदिर प्रांगण में पुराने सामानों की मरम्मत का कार्य चल रहा है। तभी गांव का कल्याण अपने साथी के साथ वहां पहुंचा। बाइक मंदिर में ही रोककर वहीं पर बैठकर शराब पीने लगे, जिसका टेंट व्यवसायी रमेश ने विरोध किया, जिससे क्षुब्ध होकर दोनों युवक उसके साथ मारपीट करने लगे और कैंची से जान से मारने की नीयत से हमला कर दिया। पेट व हाथ पर कैंची लगने से वह लहूलुहान हो गया। मजदूरों व आसपास के ग्रामीणों ने दोनों आरोपियों को पकड़कर धुनाई कर दी। आरोपित कल्याण भागकर रमेश की टेंट की दुकान पर पहुंच गया और तोड़फोड़ करते हुए सौर ऊर्जा की प्लेट व टेंट का सामान तोड़ दिया। पुलिस दोनों आरोपितों को पकड़कर थाने ले गई। घायल को मेडिकल परीक्षण के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। पीड़ित ने आरोपितों के विरुद्ध हत्या के प्रयास की तहरीर दी है।
0 Comments