मुजफ्फरनगर:- पुलिस ने खेड़ी सराय गांव निवासी किसान ऋषिपाल की हत्या के मुकदमे में नामजद एक हत्यारोपित को गिरफ्तार कर लिया है। खेड़ी सराय गांव निवासी किसान ऋषिपाल पुत्र नाहर सिंह की खेत में पानी चलाते समय मंगलवार को हत्या कर दी गई थी। मृतक के पुत्र सचिन की तहरीर पर पुलिस ने मेरठ जिले के बहसूमा थाने के बटावली गांव निवासी विक्की उर्फ कौशेंद्र पुत्र जयकार, जयकार पुत्र धर्मपाल तथा हैप्पी पुत्र बल्लभ के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर किया था। पुलिस ने गुरुवार सुबह किसान ऋषिपाल की हत्या में नामजद विक्की उर्फ कौशेंद्र को नगला खेपड़ गंगनहर पुल के निकट से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने हत्यारोपित की निशानदेही पर फावड़ा, खाली शराब की बोतल, गिलास व नमकीन के पैकेट व अन्य सामान बरामद किया है। आरोपित का चालान कर दिया है। इंस्पेक्टर दिनेश कुमार ने बताया कि मृतक व हत्यारोपित पक्ष के बीच खेत की मेढ़ काटने को लेकर विवाद रहता था, जिसके चलते ऋषिपाल की गला दबाकर हत्या कर दी गई।