मुजफ्फरनगर:-मीरापुर में चेकिंग के दौरान पुलिस की बाइक सवार बदमाशों से मुठभेड़ हो गई। जवाबी फायरिंग में 25 हजार का इनामी बदमाश गोली लगने से घायल। बदमाश का एक साथी जंगल के रास्ते भाग निकला। इंस्पेक्टर दिनेश कुमार ने बताया कि एसआइ नेत्रपाल सिंह टीम के साथ संभलहेड़ा गंगनहर पटरी पर चेकिंग कर रहे थे। कुतुबपुर की ओर से आ रहे बाइक सवार दो बदमाश फायरिंग करते हुए जटवाड़ा की ओर भाग निकले। पुलिस ने पीछा किया। भागते हुए एक बदमाश के पैर में गोली जा लगी, जबकि उसका साथी जंगल की ओर भाग निकला। उन्होंने बताया कि पकड़ा गया बदमाश 25 हजार का इनामी चांद उर्फ़ चना उर्फ़ चंदू पुत्र गिरधारी बंजारा निवासी गांव महल, थाना इंचौली जिला मेरठ है। मुठभेड़ के बाद सीओ जानसठ रामराज व जानसठ पुलिस के साथ मौके पर पहुंच गए तथा घटनास्थल का निरीक्षण किया। सीओ जानसठ शकील अहमद ने बताया कि पकड़ा गया बदमाश मीरापुर में हुई डकैती की घटना में वांछित चल रहा था तथा इस बदमाश पर मेरठ, हरियाणा, पंजाब, शामली व बुलंदशहर आदि थानों में लूट, डकैती, चोरी व गैंगस्टर के दो दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। उसके पास से बिना नंबर की बाइक, तमंचा और तीन कारतूस मिले हैं। पुलिस ने घायल बदमाश को जानसठ अस्पताल भिजवाया है, जबकि फरार बदमाश की तलाश में कांबिंग कर रही थी।