
मुजफ्फरनगर:-रतनपुरी क्षेत्र के गांव से विगत तीन वर्ष से महिला अपनी बेटी व नाबालिग ननद के साथ लापता है। पुलिस तीनों को तलाश करने में विफल है। प्रकरण में पीड़ित की ओर से कई लोगों के विरुद्ध मुकदमा पंजीकृत है, जिसकी अपराध शाखा के अलावा सीओ बुढ़ाना जांच कर रहे हैं। अब पीड़ित ने मुख्यमंत्री शिकायत पोर्टल पर अर्जी भेजकर गुहार लगाई है। पीड़ित ने स्वजन को बरामद किए जाने की मांग की है। रतनपुरी के डबल गांव निवासी सोलू कुमार ने मुख्यमंत्री पोर्टल पर भेजी शिकायत में कहा कि वर्ष 2019 में उसकी पत्नी, सात वर्षीय बेटी व नाबालिग बहन के साथ लापता हो गई थी। लापता महिला के पति ने प्रकरण में अंबरपुर मथेड़ी निवासी दो महिलाओं समेत पांच के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराया था। आरोप था कि उक्त लोगों ने उसकी पत्नी, बेटी और बहन को संप्रदाय विशेष के युवक को बेच दिया। शिकायतों के बाद रतनपुरी पुलिस ने कार्रवाई कर फुलत गांव निवासी आरोपित साजिद को जेल भेज दिया था, लेकिन अन्य आरोपितों पर संतोषजनक कार्रवाई नहीं हो सकी है। पीड़ित ने शिकायत में कहा कि इस गिरोह में कुछ संप्रदाय विशेष की महिलाएं भी शामिल है, जो अवैध रूप से मतांतरण कराकर मानव तस्करी करती हैं। तीन वर्ष में प्रकरण की जांच अपराध शाखा कर चुकी है। वर्तमान में सीओ इसकी जांच कर रहे हैं। तीन वर्ष बीतने के बाद भी पुलिस लापता लोगों का सुराग नहीं लगा सकी है। इनका कहना है... पीड़ित व्यक्ति की शिकायत के आधार पर थाना पुलिस, क्राइम ब्रांच जांच कर रही है। थाने से पीड़ित के साथ दारोगा को उसके रिश्तेदारों, संभावित स्थानों पर लापता महिला, बालिका व किशोरी को तलाशने के लिए भेजा गया। पुलिस निरंतर इस मामले पर गहराई से पड़ताल कर रही है। -विनोद कुमार सिंह, इंस्पेक्टर, थाना रतनपुरी
0 Comments