मुजफ्फरनगर:-बुढ़ाना थाना क्षेत्र के सफीपुर गांव निवासी पलटू सिंह की बेटी अंजू ने भोपा थाने पर मुकदमा दर्ज कराते हुए बताया कि छह वर्ष पहले उसकी शादी कस्बा मोरना निवासी डाक्टर पंकज से हुई थी। आरोप है कि दहेज के कारण कुछ दिनों बाद ही ससुराल वाले उसे प्रताड़ित करने लगे। पति पंकज व ससुराल वालों ने एक वर्ष पूर्व उसके पिता से पचास हजार रुपये उधार लिए थे। जब पैसे वापस करने को कहा तो उसके साथ मारपीट करने के साथ ही उसे भूखा-प्यासा रखने लगे। तीन माह पूर्व उसे धक्का देकर घर से निकाल दिया और कार में डालकर उसे सफीपुर गांव के निकट फेंक कर भाग गए थे। विवाहिता का यह भी आरोप है कि उसके पति ने दिल्ली निवासी युवती से दूसरी शादी कर ली है। पीड़िता लंबे समय से बीमार चल रही है, जिससे उसके सामने आर्थिक संकट भी पैदा हो गया। पीड़िता ने इसकी शिकायत महिलाओं की सुरक्षा के लिए कलक्ट्रेट में संचालित वूमेन प्रोटेक्शन सेल में की थी, जिसके आदेश पर मंगलवार को पति पंकज व देवर पचनपाल के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज की गई है।