मुजफ्परनगर :- तितावी क्षेत्र के बघरा गांव स्थित शिव मंदिर में संप्रदाय विशेष के युवक ने देवी की मूर्ति तोड़ दी। लोगों ने आरोपित को पकड़ लिया और पिटाई कर दी। घटना के विरोध में लोगों ने हंगामा करते हुए हाईवे पर जाम लगाया। पुलिस ने आरोपित व उसके भाई को हिरासत में लेकर मुकदमा दर्ज कर लिया है।
सोमवार सुबह बघरा निवासी याकूब ने मंदिर में घुसकर वहां रखी देवी माता की मूर्ति तोड़ दी। पुजारी और श्रद्धालु वहां पहुंचे और आरोपित को पकड़ लिया। भीड़ ने युवक को पकड़कर पीटना शुरू कर दिया। वहां पहुंची पुलिस ने आरोपित को हिरासत में लिया। हिदू संगठन के लोगों ने आरोपित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर हंगामा करते हुए मु•ाफ्फरनगर-शामली हाईवे पर जाम लगा दिया। एसपी देहात अतुल श्रीवास्तव और एडीएम प्रशासन नरेंद्र बहादुर सिंह कई थानों की पुलिस के साथ पहुंच गए। लोग आरोपित पर रासुका लगाने और बघरा चौकी इंचार्ज को निलंबित करने की मांग पर अड़ गए। यशवीर सरस्वती महाराज ने आरोप लगाया कि याकूब के तार पाकिस्तान से जुड़े हो सकते हैं, इसकी जांच होनी चाहिए। अफसरों ने कार्रवाई का आश्वासन देकर जाम खुलवाया। मंदिर व आसपास पुलिस व पीएससी तैनात कर दी गई। पुलिस ने आरोपित याकूब व उसके छोटे भाई फारुख के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर दोनों को हिरासत में ले लिया। नाई का काम करता है याकूब मूर्ति तोड़ने का आरोपित याकूब बघरा की मस्जिद में बनी दुकान में नाई का काम करता है। इसका बड़ा भाई यूनुस मेरठ के सरधना में कपड़े की दुकान करता है और एक भाई अय्यूब पंजाब में रहता है। सबसे छोटा भाई फारुख बघरा में रहता है। पुलिस को यह भी बताया गया कि याकूब कुछ दिन पहले जमात में भी गया था।
इनका कहना है..
बघरा में याकूब ने माता की मूर्ति तोड़ी है। आरोपित याकूब और उसके भाई फारुख से पूछताछ की जा रही है। अभी तक उनके पाक से जुड़े होने का कोई तथ्य सामने नहीं आया है।
-अतुल श्रीवास्तव, एसपी देहात
नई मूर्ति प्रतिष्ठापित
हिदू संगठन के कार्यकर्ताओं ने हरिद्वार से मूर्ति लाकर मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा कराई है। देर शाम हिदू जागरण मंच व मंदिर कमेटी के सदस्यों ने हरिद्वार से देवी की मूर्ति लाकर पंडित प्रमोद शास्त्री से मंत्रोच्चार के साथ प्राण प्रतिष्ठा के बाद मंदिर में स्थापित की। इसमें राहुल, सागर, अमन, विकास, हर्षित, हिमांशु, सोनू व विपिन सहित सैकड़ों श्रद्धालु मौजूद रहे।

0 Comments