मुजफ्फरनगर :- भारत सरकार के उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक मंत्रालय के मंत्री पीयूष गोयल व भारतीय मानक ब्यूरो के निदेशक की पहल पर पहली बार छात्र-छात्राओं को उत्पादों के मानकों से परिचित कराने और उनके प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए एक साझा कार्यक्रम तैयार किया गया। जिसके लिए देश के एक हजार विद्यालयों में स्टैंडर्ड क्लब की स्थापना की गई। इनके समुचित संचालन के लिए विद्यालय के अध्यापक को मेंटर बनाया गया है और उनके ऊपर एसपीओ और खाद्य वैज्ञानिकों को जिलावार जोड़ा गया है। उत्पादों के मानक कैसे बनते हैं, उनका परीक्षण कैसे किया जाता है आदि की जानकारी व्यवस्थित रूप से जनमानस तक पहुंचाने हेतु मंत्रालय ने राष्ट्रीय मानक प्रशिक्षण संस्थान-नोएडा में देश के प्रबुद्ध शिक्षकों को दो दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण दिया।

मुजफ्फरनगर जिले से तीन अध्यापकों श्री कुन्दकुन्द जैन इंटर कालेज-खतौली के रसायन प्रवक्ता राजकुमार जैन, विज्ञान अध्यापक मदन गोपाल व जगदीश शरण इंटर कालेज मुजफ्फरनगर के भौतिक प्रवक्ता राजकमल वर्मा ने प्रतिभाग कर 14 व 15 मार्च को आवासीय प्रशिक्षण लिया। जिला विद्यालय निरीक्षक गजेंद्र कुमार व कुंद कुंद जैन इंटर कालेज खतौली के प्रधानाचार्य अनुराग जैन व प्रबंधक राजीव जैन व मुकेश जैन ने शुभकामनाएं दीं। प्रवक्ता राजकुमार जैन ने बताया कि प्रत्येक विद्यालय में स्टैंडर्ड क्लब की स्थापना की जाएगी और विद्यार्थियों को मानक ब्यूरो की प्रयोगशाला का भ्रमण भी कराया जाएगा। विद्यालय स्तर पर अनेक प्रतियोगिता आयोजित की जाएंगी, जिससे उत्पादों के मानकों के बारे में सार्वजनिक जानकारी बढ़े और सभी उत्पादों की गुणवत्ता के प्रति जागरूक हों। प्रशिक्षण संस्थान के निदेशक ने सभी प्रशिक्षु अध्यापकों को प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया। कालेज के प्रवक्ता नीरज जैन, दलीप सिंह, अजय जैन, विकास कुमार, संध्या रानी, रजनी जैन, हितेश कुमार व चंदन शर्मा आदि ने दोनों अध्यापकों को बधाई दी।
0 Comments