मुजफ्फरनगर :- खतौली क्षेत्र के कैहलावड़ा गांव में होली पर शराब छुड़वाने का अभियान चलाया गया। लोगों को शराब का सेवन न करने की शपथ दिलाई गई। शराब पीने से होने वाले शारीरिक नुकसान बताए गए।
कैहलावड़ा गांव में लोगों ने होली के त्योहार पर शराब का त्याग करने की मुहिम छेड़ी। लोगों ने शराब का सेवन न करने की शपथ ली। इस अवसर पर युवा सेवा समिति के अध्यक्ष मेजर इंसान ने होली मिलन समारोह आयोजित किया। वक्ताओं ने कहा कि इस बार होली प्रेम के रस से सराबोर रहे। इस दौरान लोगों ने सुझाव रखा कि शराब के कारण झगड़े फसाद होते हैं और त्योहार का आनंद खराब हो जाता है। सभी ने शपथ ली कि शराब का सेवन नहीं करेंगे। शराब मुक्त होली अभियान के तहत गांव के सभी मोहल्लों में जागरूकता रैली निकाली और सर्वसमाज के सभी लोगों से होली के त्योहार पर शराब आदि मादक पदार्थो का सेवन नहीं करने की अपील की गई। साथ ही गांव में शराब पीने वाले के घर जाकर उन्हें लड्डू व गुलाब देकर शराब न पीने की शपथ दिलाई तथा गांव में अवैध रूप से शराब की बिक्री नहीं होने देने का संकल्प लिया गया। अध्यक्षता पूर्व प्रधान जगदीश सैनी ने की। इस अवसर मामचंद, जगबीर, रमेश प्रधान ,तेजपाल, मोनू,संदीप, राजेंद्र सैनी, गौतम, सुधीर ,दीपक, सुमित, रोहतास, मा. ब्रह्मपाल, दीपू, मा. हरपाल, निर्मल प्रधान, सुभाष प्रधान, शुभम प्रधान व महावीर सैनी आदि मौजूद रहे।
0 Comments