मुजफ्फरनगर :- एम्स ऋषिकेश के पूर्व निदेशक पद्मश्री डा. रविकांत ने कहा कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में एक नया एम्स मुजफ्फरनगर जिले में खोला जाए। भौगोलिक और आबादी की दृष्टि से ये महत्वपूर्ण है।
शुकतीर्थ स्थित भागवत पीठ श्रीशुकदेव आश्रम में पधारे पद्मश्री डा. रविकांत एवं उनकी पत्नी कैंसर विशेषज्ञ डा. बीना रवि ने वीतराग स्वामी कल्याणदेव के समाधि मंदिर में श्रद्धांजलि अर्पित की। वेद मंत्रोच्चार के साथ दंपती ने यज्ञ में आहुतियां दीं। प्राचीन अक्षय वट की परिक्रमा और श्रीशुकदेव मंदिर में पूजन किया। पीठाधीश्वर स्वामी ओमानंद महाराज ने स्वास्थ्य सेवा क्षेत्र में विशिष्ट सेवाओं के लिए उन्हें सम्मानित किया। डा. रविकांत ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में शिक्षा की जो जागृति वीतराग स्वामी कल्याणदेव फैलाई है, वो महान कर्म है। उनकी स्थापित की गई शिक्षण संस्थाओं में गांवों के करोड़ो बच्चों को भविष्य संवारने का मौका मिला है। उन्होंने कहा कि मेरठ, सहारनपुर में राजकीय मेडिकल कालेज संचालित हैं। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में मुजफ्फरनगर जिले में भारत सरकार नया एम्स स्थापित करे। उन्होंने स्वामी ओमानंद से एम्स खोलने के लिए प्रयास करने का आग्रह किया। उनके साथ अमेरिका से आए डा. क्षितिज एवं डा. तन्मया स्तुति रवि व सुमित मौजूद रहे। आचार्य जीसी उप्रेती, कथा व्यास अचल कृष्ण शास्त्री, सुमन शास्त्री व विजय शर्मा आदि का सहयोग रहा।
गाधी कालोनी में दो और कोरोना पाजिटिव मिले
मुजफ्फरनगर। जिले में दो और कोरोना संक्रमित मरीज सामने आए हैं। कुछ दिन पहले गाधी कालोनी और खतौली क्षेत्र में बाहर से आए कुछ लोगों के सैंपल लेने के बाद 10 लोगों में कोरोना वायरस की पुष्टि हुई थी। स्वास्थ्य विभाग ने उनके संपर्क में आये करीब 400 लोगों के सैंपल लिए थे। मंगलवार को 100 सैंपल की रिपोर्ट सामने आई है, जिसमें दो पाजिटिव मिले हैं। दोनों गाधी कालोनी निवासी हैं। सीएमओ डा. महावीर सिंह फौजदार ने बताया कि पाजिटिव मिले दोनों मरीजों को होम आइसोलेट कर निगरानी बढ़ा दी गई है। अन्य लोगों की भी सैंपल रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
0 Comments