भोकरहेड़ी कस्बे में बस स्टैंड पर बुधवार को दोपहर में छात्रों में मारपीट हो गई। बीच-बचाव करने गए दो पक्ष आपस में उलझ गए, जिसमें चार युवक घायल हो गए। पुलिस ने दो युवकों को जीप बैठा लिया। ग्रामीणों ने हंगामा कर उन्हें छुड़ा लिया। सीओ ने निष्पक्ष जांच का आश्वासन देकर हंगामा कर रहे व्यक्तियों को शांत किया। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है।

भोकरहेड़ी कस्बा निवासी देवेंद्र सिंह ने थाने पर दी तहरीर में बताया कि इंटर कालेज की छुट्टी के बाद कुछ छात्र व अन्य लोग उसके घर के सामने छात्र प्रिस निवासी शुक्रतारी के साथ मारपीट कर रहे थे। उनका बेटा कार्तिक बीच-बचाव कराने चला गया तो आरोपितों ने उसके साथ मारपीट कर घायल कर दिया। घायल को भोपा सीएचसी ले जाया गया। आरोपी तमंचे से फायर करते हुए मौके पर कार छोड़कर भाग गये। वहीं, दूसरे पक्ष के धीर सिंह निवासी योगेंद्रनगर ने तहरीर देकर बताया कि उनका बेटा ऋतिक भोकरहेड़ी इंटर कालेज में कक्षा11 का छात्र है। कक्षा में दूसरे समुदाय के तीन छात्र सीट पर बैठने को लेकर उसके साथ भेदभाव करने लगे। अपमानित करते हुए उसके साथ मारपीट की तथा स्कूल से बाहर आकर ऋतिक व उसके साथी राज बहादुर को मारपीट कर घायल कर दिया। वहीं घटना को लेकर लगभग दो घंटे हंगामा चला। दोनों पक्षों में भारी तनाव व्याप्त है। मौके पर भारी पुलिस फोर्स तैनात किया गया है हंगामे के बीच पुलिस से छुड़ाए आरोपी सूचना पर पहुंची पुलिस ने दो आरोपितों को जीप में बैठा लिया, जिसके बाद भीम आर्मी से जुड़े अनुसूचित जाति के लोगों ने पुलिस जीप का घेराव कर रोक लिया तथा युवकों को छुड़ा लिया। सीओ गिरजा शंकर त्रिपाठी ने निष्पक्ष जांच का आश्वासन देकर हंगामा कर रहे व्यक्तियों को शांत किया। प्रभारी निरीक्षक पंकज राय का कहना कि कालेज में सीट पर बैठने को लेकर छात्रों में झगडे़ का मामला है। दोनों पक्षों ने तहरीर दी है। जांच की जा रही है।