जेएनएन, मुजफ्फरनगर। पुलिस व वन विभाग टीम ने दो तस्करों को गिरफ्तार कर उनसे हिरन के सींग बरामद किए।
एसएसआइ लेखराज सिंह ने बताया कि परासौली चौकी क्षेत्र में एसआइ शैलेंद्र सिंह व वन विभाग दारोगा नेत्रपाल सिंह के नेतृत्व में दो टीम गश्त पर थीं। बुधवार देर रात्रि कांधला मार्ग पर बाइक सवार दो युवकों को रोकने का प्रयास किया तो वे बाइक छोड़ खेतों में भागने लगे। टीम ने दोनों को दबोचकर उनसे हॉक प्रजाति के हिरन के सींग बरामद किए।
तस्करों ने अपना नाम सागर पुत्र ओमपाल और शुभम पुत्र जोगेन्द्र सिंह निवासीगण गांव गोवर्धनपुर थाना खानपुर जनपद हरिद्वार उत्तराखण्ड बताया। बताया जा रहा है कि दोनों युवक सींग बेचने जा रहे थे। पुलिस ने वन्य जीव संरक्षण अधिनियम में मुकदमा दर्ज कर दोनों का चालान कर दिया।
अवैध वसूली के विरोध पर युवक को पीटा
जेएनएन, मुजफ्फरनगर। भोपा रोड पर जिला पंचायत के नाम पर अवैध वसूली कर रहे युवकों ने ट्रैक्टर चालक की पिटाई कर दी। पीड़ित की तहरीर पर चार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
नंगला बुजुर्ग गांव निवासी सईद बुधवार देर रात लकड़ी से भरी ट्रैक्टर-ट्राली लेकर भोपा रोड से आ रहा था। जैसे ही वह भोपा रोड पर मखियाली गांव के पास पहुंचा तो वहां कुछ युवकों ने सड़क पर बैरियर लगा रखा था और जिला पंचायत ठेके के नाम पर वसूली कर रहे थे। सईद ने विरोध किया तो उक्त युवकों ने उसे मारपीट कर घायल कर दिया। सईद के चेहरे पर गंभीर चोट लगी है। पीड़ित ने भागकर जान बचाई। पुलिस ने उसका उपचार कराया। सईद के पिता गुलशेर की तहरीर पर नई मंडी कोतवाली में चार अज्ञात युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। नई मंडी कोतवाल अनिल कपरवान का कहना है कि घटना की जांच की जा रही है।


0 Comments