मुजफ्फरनगर:-भाकियू (अराजनैतिक) में गठवाला खाप चौधरी राजेंद्र सिंह मलिक को संरक्षक/चेयरमैन की जिम्मेदारी मिली है। दो साल पूर्व बाबा हरिकिशन सिंह मलिक के निधन के बाद उनके पुत्र राजेंद्र सिंह मलिक को गठवाला खाप चौधरी बनाया गया था। वहीं धर्मेंद्र मलिक को राष्ट्रीय प्रवक्ता बनाया गया है। मुजफ्फरनगर और शामली के राजस्व रिकार्ड में गठवाला खाप के 84 गांव हैं और इतने ही गांव बालियान खाप के हैं। बालियान खाप के वर्तमान मुखिया भाकियू के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौ. नरेश टिकैत हैं। गठवाला खाप की गिनती बड़ी खापों में होती है। जनपद में बुढ़ाना तहसील में मलिकों के सबसे अधिक गांव हैं। बाबा टिकैत के आंदोलन में गठवाला खाप का विशेष योगदान रहता था। वे खाप चौधरी और थांबेदारों के साथ कदम से कदम मिलाकर चलते थे। विधानसभा चुनाव से पहले गठवाला खाप चौधरी राजेंद्र सिंह मलिक के भाकियू से अंदरुनी मतभेद चल रहे थे। एक साल पूर्व सिसौली में भाजपा के तत्कालीन बुढ़ाना विधायक उमेश मलिक के ऊपर कालिख डालने और गाड़ी पर पथराव का गठवाला खाप चौधरी ने विरोध किया था। इस मामले में राजेंद्र सिंह मलिक ने चौ. नरेश टिकैत से नाराजगी जताई थी। इसके बाद दोनों खाप चौधरियों में दूरियां देखी गई। भाकियू के बड़े कार्यक्रमों में राजेंद्र सिंह मलिक ने मंच साझा नहीं किया। ---