 |
| राज्यमंत्री प्रशासनिक अमले के साथ गुरुवार को गांव धर्मनगरी एवं मलिन बस्ती रविदास नगर में हुए विकास एवं राजस्व कार्यों का सत्यापन करेंगे। |
बिजनौर:-सूबे के बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री प्रशासनिक अमले के साथ गुरुवार को गांव धर्मनगरी एवं मलिन बस्ती रविदास नगर में हुए विकास एवं राजस्व कार्यों का सत्यापन करेंगे। इस दौरान वह चौपाल में लोगों की समस्याएं भी सुनेंगे। वहीं, डीएम, सीडीओ एवं एडीएम प्रशासन के नेतृत्व में प्रशासनिक एवं विकास विभाग के अधिकारियों ने चिन्हित मलिन बस्ती एवं गांव में चल रहे कार्यों का निरीक्षण कर संबंधित अफसरों को व्यवस्था में सुधार के निर्देश दिए। बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार संदीप सिंह के नेतृत्व में प्रशासनिक अधिकारियों की टीम गुरुवार को सुबह साढ़े नौ बजे लोक निर्माण विभाग के निरीक्षण भवन पहुंचेगी। यहां जनप्रतिनिधियों और भाजपा पदाधिकारियों के साथ बैठक होगी। डीएम उमेश मिश्रा के अनुसार बैठक के बाद मंत्री सुबह साढ़े दस बजे ग्राम धर्मनगरी में आयोजित चौपाल तथा विकास कार्यों का निरीक्षण करेंगे। सुबह 11 बजे वह नुमाइश मैदान स्थित कान्हा पशु आश्रय स्थल, दोपहर 12 बजे कलक्ट्रेट स्थित कोविड कंट्रोल रूम, साढ़े 12 बजे जिला अस्पताल, एक बजे नई पुलिस लाइन के ट्रांजिट हास्टल एवं डेढ़ बजे निर्माणाधीन मेडिकल कालेज का निरीक्षण करेंगे। डीएम ने बताया कि राज्यमंत्री दोपहर ढाई बजे विकास भवन में बैठक, शाम साढ़े पांच से मलिन बस्ती का निरीक्षण करने के बाद सहभोज में भाग लेंगे। बाद में साढ़े छह बजे वह मुरादाबाद के लिए रवाना हो जाएंगे। मंत्री के दौरे को देखते हुए प्रशासनिक एवं राजस्व विभाग के अधिकारी इन सभी स्थानों पर सफाई समेत अन्य व्यवस्थाओं को चाक चौबंद करने में जुटे रहे। वहीं डीएम उमेश मिश्रा, सीडीओ केपी सिंह एवं एडीएम प्रशासन विनय कुमार सिंह ने चयनित ग्राम पंचायत धर्मनगरी और मलिन बस्ती रविदास नगर में चल रहे कार्यों का निरीक्षण किया। इन अधिकारियों ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को व्यवस्था में सुधार लाने के आदेश दिए।
0 Comments