मुजफ्फरनगर:- शहर की सफाई व्यवस्था को परखने के लिए बुधवार को पालिका चेयरपर्सन अंजू अग्रवाल ने विभिन्न मार्गों पर व्यवस्था देखी। इसके बाद कार्यालय का निरीक्षण किया। निर्माण विभाग के एई, जेई और जलकल विभाग के एई, टीएस समेत करीब 30 कर्मचारी अनुपस्थित मिले। पालिकाध्यक्ष सभी के एक दिन के वेतन पर रोक लगा दी है। पालिकाध्यक्ष अंजू अग्रवाल ने सुबह के समय शहर की सफाई व्यवस्था को परखा है। निरीक्षण के दौरान विश्वकर्मा रोड पर टिपर गाडी संख्या-3 कूड़ा एटूजेड प्लांट पर न ले जाकर कूड़ा डलावघर पर डालती हुए पाई गई। पालिकाध्यक्ष ने ड्राइवर को चेतावनी दी। इसके बाद करीब 10 बजे नगरपालिका पहुंच कर निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पालिकाध्यक्ष को कई अधिकारी और कर्मचारी लापता मिले। इतना ही नहीं कुछ कमरों में ताला लगा मिला। यह देखकर चेयरपर्सन दंग रह गईं। लापरवाही पर कड़ी आपत्ति जताई। निरीक्षण के दौरान निर्माण विभाग के एई अखंड प्रताप सिंह अनुपस्थित मिले। उपस्थिति पंजिका में छह मई से 17 मई तक की उपस्थिति पंजिका में अपने हस्ताक्षर अंकित नहीं किए गए। जेई कपिल कुमार भी अनुपस्थित पाए गए। जलकल विभाग के एई सुनील कुमार, कर अधीक्षक आरडी पोरवाल, विजय कुमार, अमित कुमार, पारुल यादव, प्रीति रानी, नितिन कुमार, आकाश दीप, छाया, विकास कुमार, अशोक पाल, सोनू मित्तल, वसीम, रोहिल, सुनील कुमार, सुभाष कुमार, राकेश कुमार, मो. सालिम, शब्बीर, इसरार, इमरान, राजकुमार, पिंकी, पुष्पा, सुनीता, रईस, शोएब व राजीव सफाई कर्मचारी आदि अनुपस्थित पाए गए। पालिकाध्यक्ष ने इन सभी का एक दिन के वेतन पर रोक लगा दी है। इसके बाद पालिकाध्यक्ष ने सभागार का निरीक्षण किया। यहां पर उन्होंने एम्लीफायर, एलईडी और दो एसी लगाने के निर्देश दिए।