
मुजफ्फरनगर:- छपार में बरात में खाने में बिरायनी न मिलने पर बरातियों व घरातियों में पथराव हो गया, जिसमें दो बराती व एक घराती घायल हो गए। दुल्हन पक्ष की शिकायत पर पुलिस ने दूल्हे के दादा, पिता व छोटे भाई को हिरासत में ले रखा है। सिसौना गांव निवासी मोबीन की दो पुत्रियों की बुधवार को नसीरपुर और नरा जड़ौदा गांव से बरात आई थी। बरात में खाने में बिरयानी न परोसने का नसीरपुर के बरातियों ने विरोध किया था। इसको लेकर बरातियों व घरातियों में मारपीट हो गई। दोनों ओर से पथराव शुरू हो गया, जिससे वहां भगदड़ मच गई और खाना भी बिखर गया। बरातियों ने भागकर जान बचाई। मारपीट व पथराव में दूल्हे के दो चाचा मौजुद्दीन, मुरसलीन व सिसौना निवासी शाकिर घायल हो गए। पुलिस ने समझाकर सभी को शांत किया। इसके बाद पुलिस ने दूल्हे के दादा, पिता व छोटे भाई को हिरासत में ले लिया है। लड़की के पिता ने निकाह से इन्कार कर दिया और नसीरपुर गांव से आई बरात बिना दुल्हन के लौट गई, जबकि नरा जड़ौदा गांव से आई बरात देर शाम दुल्हन को लेकर चली गई। लड़की पक्ष ने नसीरपुर के बरातियों पर शराब पीकर मारपीट करने का आरोप लगाया है। प्रभारी निरीक्षक आशुतोष कुमार ने बताया कि सिसौना में बरातियों व घरातियों में मारपीट हुई थी। घायलों को मेडिकल परीक्षण के लिए जिला अस्पताल भेजा है। अभी किसी ने तहरीर नहीं दी है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।
0 Comments