मुजफ्फरनगर:- शाहपुर के सोरम की ऐतिहासिक चौपाल पर सर्वखाप पंचायत मंत्री की अध्यक्षता में बालियान खाप के थाम्बेदारों की बैठक हुई। खापों के बीच मतभेद व बालियान खाप के चौधरी पर आरोप प्रत्यारोप को लेकर चिंता व्यक्त की गई। थांबेदारों ने कहा कि बालियान खाप चौधरी नरेश टिकैत व गठवाला खाप चौधरी राजेंद्र सिंह का सम्मान जरूरी है। इसे लेकर 29 मई को गांव काकड़ा में पंचायत करने का निर्णय लिया गया। पिछले दिनों भाकियू में बिखराव के बाद शुरू हुए विवाद के चलते सर्वखाप पंचायत ने आरोप-प्रत्यारोप को लेकर चिंता व्यक्त की। सोरम चौपाल पर सर्वखाप पंचायत मंत्री सुभाष बालियान ने कहा कि सर्वखाप समाज को जोड़ने का कार्य करती है, जिसके चलते सभी खाप चौधरियों का सम्मान होना चाहिए। उन्होंने कहा कि खापों के बीच किसी भी प्रकार का कोई विवाद नहीं होना चाहिए। न ही किसी खाप का व्यक्ति एक दूसरे के प्रति कोई अपशब्द कहे। जिस तरह बालियान खाप के चौधरी नरेश टिकैत हैं, उसी तरह गठवाला खाप के चौधरी राजेन्द्र सिंह सम्मानित हैं। दोनों में मनभेद हो सकते हैं लेकिन एक दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप से खाप की गरिमा को नुकसान पहुंच रहा है। चौधरी नरेश टिकैत अपने स्तर से किसान संगठन चला रहे हैं, नए किसान संगठन भी बनते रहते हैं, लेकिन जो किसान संगठन किसानों की समस्याओं को प्रभावी ढंग से उठाएगा किसान उसी के साथ जुड़ेंगे। सर्वखाप मंत्री ने कहा कि 29 मई को इस सम्बंध में गांव काकड़ा में खाप के जिम्मेदार लोगों की पंचायत होगी। इसमें विचार विमर्श कर आगे की रणनीति तैयार की जाएगी। बैठक में बालियान खाप के थांबेदारो ने कहा कि बालियान खाप के मुखिया चौधरी नरेश टिकैत खाप चौधरी होने के साथ किसान नेता भी हैं। यदि उनके सम्मान को ठेस पहुंचाने का प्रयास किया तो बर्दाश्त नहीं होगा। हरसौली थाम्बेदार सौदान सिंह ने कहा कि बालियान खाप अपने खाप चौधरी के साथ है। बैठक में बालियान खाप सोरम के थांबेदार चौधरी मांगेराम सिंह, हरसौली थांबेदार चौधरी सौदान सिंह, बरवाला थांबेदार चौधरी संजय सिंह, सूड़ियान थांबेदार चौधरी जगमेहर सिंह, थांबेदार लेपरान चौधरी लाखन सिंह, थांबेदार कुटबा चौधरी मांगेराम सिंह सहित ग्रामीण राजपाल सिंह डायरेक्टर, सतबीर सिंह सैकेट्री, अमित बालियान, सहेंद्र सिंह, बबलू बालियान, योगेश कुमार आदि मौजूद रहे।