
मुजफ्फरनगर:-राष्ट्रीय सैनिक संस्था के प्रदेश अध्यक्ष कैप्टन सुरेशचंद त्यागी व बलिदानी बचन सिंह की वीरांगना कामेश बाला ने राज्यमंत्री कपिलदेव अग्रवाल पर शहीद बचन सिंह मार्ग का नाम बदलकर वहां अन्य नाम के बोर्ड लगवाने का आरोप लगाया। कहा कि यदि राज्यमंत्री बोर्ड हटवाकर बालिदानी के परिवार से माफी नहीं मांगेंगे तो पूर्व सैनिक जगह-जगह धरना-प्रदर्शन करेंगे। सोल्जर बोर्ड में सोमवार को पूर्व सैनिकों ने पत्रकारों से वार्ता की। राष्ट्रीय सैनिक संस्था के प्रदेश अध्यक्ष कैप्टन सुरेशचंद त्यागी ने कहा कि राज्यमंत्री ने शहीद बचन सिंह मार्ग का पुन: उद्घाटन गुरुनानक मार्ग के नाम से कर दिया है। बलिदानी बचन सिंह की वीरांगना कामेश बाला ने बताया कि 28 फरवरी, 2000 को सोल्जर बोर्ड तिराहा से गांधी कालोनी होते हुए पचेंडा तक मार्ग का नाम बलिदानी बचन सिंह के नाम पर किया गया था, जिसका प्रस्ताव पास हुआ था। राज्यमंत्री ने बलिदानियों और सैनिक परिवारों का अपमान किया है। पूर्व सैनिकों ने कहा कि यदि राज्यमंत्री ने गुरुनानक मार्ग के नाम से लगे बोर्ड नहीं हटवाए तो जगह-जगह प्रदर्शन करेंगे। इसकी शिकायत आरएसएस प्रमुख सहित प्रधानमंत्री से की जाएगी। प्रेसवार्ता में अशोक कुमार, राजेंद्र राठी, प्रमेंद्र राठी, सुनील कुमार, जय प्रकाश त्यागी आदि मौजूद रहे। इस मामले में राज्यमंत्री कपिलदेव अग्रवाल से संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन उनसे संपर्क नहीं हो पाया।
0 Comments