बिजनौर:- जिले में अब 225 अमृत सरोवर तालाब बनाए जाएंगे। इन तालाबों पर काम शुरू हो गया है। काफी तालाबों के लिए जमीनों को चिन्हित भी किया जा रहा है। अमृत सरोवर तालाब बनाने के साथ-साथ इन्हें व्यवस्थित रखने में जनता का सहयोग लिया जाएगा। अमृत सरोवर तालाब बारिश के पानी को संचित कर भूगर्भ जल को रिचार्ज करने में सहायक होगे। तालाब भूगर्भ जल को हमेशा से रिचार्ज करते रहे हैं। तालाबों के महत्व को देखते हुए तालाबों को कब्जामुक्त कर उन्हें फिर से पुनर्जीवित करने का काम काफी पहले से चल रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रामपुर की तरह हर जिले में अमृत सरोवर तालाब बनवाने का आह्वान किया था। प्रदेश सरकार ने प्रधानमंत्री के आह्वान पर कुछ ही दिन बाद हर जिले में 75-75 अमृत सरोवर तालाब बनवाने के निर्देश दिए थे। जिले में भी 56 तालाबों की जमीन को चिन्हित कर उन्हें गहरा कराने का काम शुरू कर दिया गया था। अब प्रदेश सरकार ने हर लोकसभा क्षेत्र में 75-75 अमृत तालाब बनवाने की बात कही है। बिजनौर जिला तीन लोकसभा क्षेत्रों से जुड़ा है बिजनौर, नगीना और मुरादाबाद। इन तीनों लोकसभा क्षेत्रों में 75-75 तालाब बनवाए जाएंगे। हर अमृत सरोवर में कम से कम पांच बीघा जमीन होनी चाहिए। इसी मानक के आधार पर जमीनों को चिन्हित किया जा रहा है। मनरेगा से हो रहा है काम आमतौर पर तालाब बनाने में कोई पक्का निर्माण कार्य नहीं होता है। तालाबों को गहरा ही किया जाता है। मनरेगा के अंतर्गत यह काम कराया जा रहा है। इससे मनरेगा श्रमिकों को रोजगार भी मिल जाएगा और तालाब भी खुद जाएंगे। तालाबों में बारिश का ही पानी भरेगा। पंचवटी होंगी स्थापित तालाबों को खोदकर ऐसे ही नहीं छोड़ दिया जाएगा। तालाबों के किनारे हरियाली के लिए बड़ी तादाद में पौधरोपण किया जाएगा। नीम, कटहल, महुआ, सहजन, पीपल, बरगद आदि के पौधे लगाए जाएंगे। साथ ही पीपल, बरगद आदि की पंचवटी भी लगवाई जाएगी। पिकनिक स्पाट बनेंगे सरोवर इस बार तालाबों को पहले की तरह सामान्य ही नहीं रखा जाएगा। तालाबों को गांवों के पास घूमने के स्थल के रूप में विकसित किया जाएगा। यहां गांव वालों के चबूतरे आदि भी बनाए जा सकते हैं। इन्होंने कहा... अमृत सरोवर का निर्माण शुरू करा दिया गया है। तालाबों के आसपास सुंदरता का भी ध्यान रखा जाएगा। जनता का भी तालाब बनाने में सहयोग लिया जाएगा। सरकारी विभागों से अमृत सरोवर तालाबों के किनारे सुंदरता से जुड़े काम कराए जाएंगे। -केपी सिंह, सीडीओ -------- सामाजिक कार्यों में किसान हमेशा आगे रहते हैं। अमृत सरोवर तालाब बनवाने में भी प्रशासन का सहयोग किया जाएगा। अमृत सरोवर तालाब बनने से भूगर्भ जल का स्तर बढ़ेगा जो सभी के हित में है। -दिगंबर सिंह, मंडल अध्यक्ष, भाकियू ------- बुजुर्ग भी तालाबों का महत्व समझते थे। अब केंद्र और राज्य सरकार भी तालाबों का महत्व समझकर इन पर काम कर रहे हैं। यह भविष्य में जनता के हित को लेकर किया गया फैसला है। आम जनता भी इससे जुड़ेगी। -राकेश मलिक, प्रबंधक निदेशक, विनायक कालेज