मुजफ्फरनगर :-  खतौली के पमनावाली पुलिस चौकी क्षेत्र में चार दुकानों में सेंध लगाकर लाखों रुपये का माल चोरी कर लिया। पुलिस ने जांच-पड़ताल की है।

पमनावली पुलिस चौकी के छछरपुर सेंटर पर महकार निवासी नंगला कटार थाना फलावदा की विद्युत उपकरण रिपेयरिग एंड सामान, संजय शर्मा निवासी घटायन की पेस्टीसाइड, सतबीर सिंह निवासी खानपुर की सिलाई आदि तथा छछरपुर निवासी लोकेंद्र की कोल्ड ड्रिक्स की दुकान है। रविवार शाम सभी अपने प्रतिष्ठानों को बंद कर घर चले गए। देर रात बदमाशों ने दुकानों की दीवारों, शटर के ताले तोड़कर चोरी की। पेस्टीसाइड की दुकान से लाखों की खेती की दवाइयां व महकार की दुकान से बिजली उपकरण, सतबीर की दुकान से हजारों का सामान चोरी कर ले गए। कोल्ड ड्रिक्स की दुकान में बदमाश चोरी नहीं कर सके। सोमवार सुबह चोरी की घटना का पता लगने पर पीड़ितों ने हंगामा किया और मौके पर भीड़ एकत्र हो गई। पुलिस ने वारदातस्थल का मुआयना किया। पीड़ितों ने पुलिस को तहरीर दी है। वहीं, पमनावली पुलिस चौकी के गश्त की पोल खुल गई।





तीन महिलाओं ने थैला काटकर 98 हजार रुपये उड़ाए



मीरापुर में बैंक से रुपये निकाल कर बाजार में चप्पल खरीद रहे एक व्यक्ति का थैला काटकर तीन महिलाओं ने 98 हजार रुपये चोरी कर लिए।

खेड़ी सराय गांव निवासी यूसुफ पुत्र जमादार पड़ाव चौक स्थित जिला सहकारी बैंक से 98 हजार रुपये निकालने के बाद मुख्य बाजार में दुकान पर चप्पल खरीद रहा था। इसी बीच तीन महिलाएं पहुंचीं तथा पीड़ित के बराबर में बैठ गई। महिलाएं पीड़ित का थैला काटकर उसमें रखे 98 हजार रुपये चोरी कर फरार हो गई। पीड़ित ने जब चप्पल रखने के लिए थैला खोला तो उसमें रुपये नही थे। पुलिस पीड़ित से पूछताछ करने के बाद सीसीटीवी फुटेज खंगाले में जुटी है। इंस्पेक्टर दिनेश कुमार ने बताया कि मामले की छानबीन की जा रही है। आरोपित महिलाएं जल्द ही पकड़ी जाएंगी। सीसीटीवी फुटेज में चोर महिलाएं बैंक से ही पीड़ित व्यक्ति का पीछा करते हुए दिखाई दे रही हैं।