मुजफ्फरनगर :-  खतौली नगरपालिका परिषद के पास संसाधन काफी है, लेकिन आधे से अधिक संकटग्रस्त हैं। एक लाख की आबादी वाले क्षेत्र में चार नलकूपों पर पेयजल की निर्भरता है। नगर क्षेत्र में दस नलकूप बने हैं, लेकिन कहीं पाइप लाइन अधूरी पड़ी है तो कोई विद्युत कनेक्शन के अभाव में बंद है। तापमान बढ़ने के साथ पानी की डिमांड भी अधिक होगी। ऐसे में पर्याप्त संसाधन नहीं होने से पानी की किल्लत खड़ी होगी। नगर में अधूरी पड़ी है पाइप लाइन

पालिका ने आबादी क्षेत्र की प्यास बुझाने के लिए दयालपुरम, गणेशपुरी, शिवपुरी, ढांकन चौक, जमुना विहार, सराफान, बुढ़ाना रोड, सरकारी अस्पताल, पालिका बाजार, नई आबादी आदि क्षेत्रों में नलकूप का निर्माण करा रखा है। पुरानी पेयजल पाइप लाइन आबादी का प्रेशर नहीं झेल पा रही है, जिस कारण समस्या बढ़ रही है। इसका समाधान कराने के लिए पालिका ने सभी नलकूपों की पाइप लाइन को आपस में जोड़ने का कार्य कराया है। अधिकतर स्थानों पर लाइन अधूरी पड़ी है, जिस कारण छह नलकूपों से पेयजल आपूर्ति वर्तमान संभव नहीं हो सकी है। प्रेशर कम और रेतीला पानी




गणेशपुरी, होली चौक आदि मोहल्ला में नलकूपों से रेतीला पानी निकल रहा है। शहरभर में पालिका की पाइपलाइन से प्रेशर नहीं उठ रहा है, जिस कारण ऊपरी मंजिल तक पानी नहीं पहुंचता है। इसके पीछे नलकूपों पर विद्युत कनेक्शन नहीं होना है। सराफान मोहल्ला, बुढ़ाना रोड, नई आबादी और सरकारी अस्पताल के नलकूपों पर विद्युत कनेक्शन नहीं हो सके हैं। जिस कारण पानी आपूर्ति के दौरान चार नलकूप संचालित रहते हैं। आबादी के हिसाब से यह प्रेशर उठाने में नाकाम हैं। 25 वार्ड और बाजारों में आपूर्ति

पालिका के स्तर से 25 वार्डो के अलावा रेलवे रोड, पालिका बाजार, बिद्दीबाड़ा, बड़ा बाजार, जानसठ रोड, जीटी रोड, बुढ़ाना रोड आदि प्रमुख बाजारों में पेयजल आपूर्ति होती है। इनका कहना है..

नलकूपों पर विद्युत कनेक्शन की जानकारी संज्ञान में नहीं है। यह दिखवाया जाएगा कि कितने नलकूपों पर कनेक्शन नहीं है। गर्मी के साथ पानी की डिमांड बढ़ेगी। संसाधनों को तत्काल दुरुस्त कराया जाएगा, जिससे नागरिकों को पेयजल आपूर्ति में बाधा उत्पन्न न हो पाए।

-जीत सिंह राय, एसडीएम एवं प्रभारी ईओ, नगरपालिका खतौली