शहर कोतवाली क्षेत्र के गांव पीनना स्थित शिव मंदिर से लापता हुआ ढाई साल का प्रिंस भटककर जंगल में पहुंच गया। वह नींद आने पर रातभर जंगल में ही सोता रहा, वहीं शहर कोतवाली पुलिस की नींद रातभर उड़ी रही। पुलिस उसकी तलाश में जंगलों की खाक छानती रही। सोमवार सुबह प्रिंस के मिलने पर पुलिस की सांस में सांस आयी। परिजन भी बेटे के मिलने पर खुश दिखाए दिए।
पीनना निवासी रोहित का ढाई साल का बेटा प्रिंस अपने परिवार के साथ गांव स्थित शिवमन्दिर में चल रहे भंडारे में गया था। दोपहर लगभग 12 बजे प्रिंस संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया। शाम तक प्रिंस के न मिलने पर पुलिस ने आनन फानन में तहरीर लेकर ढाई साल के प्रिंस का अपहरण का मामला दर्ज कर लिया। शहर कोतवाली प्रभारी संतोष त्यागी डॉग स्क्वायड व पुलिस टीम लेकर उसकी जंगलों में तलाश करते रहे, लेकिन रातभर उसका पता नहीं चला। सोमवार सुबह ढाई साल का प्रिंस खुद ही गांव के स्कूल गेट पर पहुंच गया। जानकारी मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गयी। थाना प्रभारी का कहना कि रात में ढाई साल का मासूम भटककर जंगल में ही सो गया था। सुबह दिन निकलने पर वह स्कूल तक आ गया। प्रिंस के पिता का कहना कि पुलिस के डर से उसके बेटे को अज्ञात लोग स्कूल के बाहर छोड़कर गए।

0 Comments