मुठभेड़ में गोली लगने से गोकश घायल, साथी फरार
जेएनएन, मुजफ्फरनगर। जटवाडा गंग नहर पटरी किनारे गोवंश का कटान कर रहा आरोपित पुलिस मुठभेड़ में गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसका साथी पुलिस पर फायरिग करते हुए भाग गया। फरार बदमाश की तलाश में पुलिस ने घंटों जंगल में कांबिग की। एसपी देहात ने घटनास्थल पर जानकारी ली।
एसपी देहात अतुल श्रीवास्तव ने बताया कि ककरौली थाना क्षेत्र के जटवाड़ा गंग नहर पुल के पास ढांसरी नहर पटरी पर पुलिस को गोवंश कटान होने की सूचना मिली। थानाध्यक्ष सुनील शर्मा टीम के साथ मौके पर पहुंचे और गोकश को पकड़ने का प्रयास किया। आरोप है कि उन्होंने पुलिस टीम पर फायर झोंक दिया। पुलिस ने घेराबंदी कर एक बदमाश को घायल कर गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसका साथी फायरिग करते हुए खेतों में भाग गया। घायल बदमाश की पहचान अमन निवासी खालापार थाना कोतवाली के रूप में हुई है, जबकि फरार साथी का नाम ताहिर निवासी थाना व गांव ककरौली बताया। गिरफ्तार बदमाश अमन पर खतौली व मेरठ के पल्लवपुरम थाने में चोरी, गोकशी, जानलेवा हमला करने, गैंगस्टर सहित अन्य संगीन आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं, जबकि फरार बदमाश ताहिर पर ककरौली थाने में लगभग 20 मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने मौके से जिंदा बछड़ा, तमंचा 315 बोर, तीन कारतूस, एक खोखा, स्प्लेंडर बाइक, दो छुरी, एक दांव व लकड़ी का गुटका बरामद किया है। ककरौली व भोपा थाना पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाकर फरार बदमाश की तलाश में घण्टों जंगल की कांबिग की, लेकिन सुराग नहीं लगा। सर्राफ समेत पांच जगह हुई चोरी का राजफाश
जेएनएन, मुजफ्फरनगर। नई मंडी कोतवाली पुलिस ने सर्राफ की दुकान समेत पांच जगह हुई चोरी का राजफाश किया है। नकदी समेत पांच लाख का सामान बरामद किया है।
इंस्पेक्टर अनिल कपरवान ने बताया कि पुलिस ने चेकिंग के दौरान नसीरपुर पुलिया से पीनना निवासी राशिद पुत्र अय्यूब, नसीरपुर रोड निवासी सुहैल पुत्र छोटा सुभाषनगर निवासी जानी पुत्र सतपाल को दबोचकर उनसे पूछताछ की। तीनों ने बताया कि कुछ दिन पहले उन्होंने नई मंडी में गऊशाला रोड स्थित सर्राफ की दुकान में नकब लगाकर नकदी और जेवर चोरी किया था। इसके अलावा गांधी कालोनी, बचन सिंह कालोनी समेत पांच जगह चोरी की थी। पुलिस ने तीनों की निशानदेही पर 28 हजार रुपये, तीन मोबाइल, तीन गले के सेट, तीन जोड़ी पाजेब, अंगूठी, चेन समेत सोने-चांदी के जेवर बरामद किए हैं, जिनकी कीमत पांच लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने तीनों का चालान कर दिया।

0 Comments