हर घर की है इसी में शान, वेटी का हो हर घर में सम्मान- डॉ. कल्पना वाजपेयी*
*कुरावली*। मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत थाना कुरावली के प्रांगण में महिला हेल्पडेस्क का शुभारंभ हुआ। शुभारम्भ करते हुए अधिशासी अधिकारी डॉ. कल्पना वाजपेयी ने कहा कि महिलाओं की समस्याओं का पूरी संवेदनशीलता के साथ समाधान निकल सके इस दृष्टि से मिशन शक्ति अभियान अंतर्गत महिला हेल्पडेस्क की स्थापना कर अभिनव कार्यक्रम प्रारम्भ किया गया है।

क्षेत्राधिकारी डीपी गौड़ ने कहा कि पिछले सात दिनों में अभियान के माध्यम से अनेक प्रकार के कार्यक्रम प्रारम्भ किये गये हैं। साथ ही, समाज से जुड़ी तमाम समस्याओं को जानने, समझने और उनके समाधान तलाशने के लिए एक नया मंच प्रस्तुत करने का प्रयास किया गया है। उन्होंने कहा कि मिशन शक्ति अभियान के माध्यम से हम रचनात्मक रूप से प्रत्येक बहन, बेटी के मन में सुरक्षा, सम्मान व स्वावलम्बन का नया भाव जाग्रत करने में सफल होंगे।

थाना प्रभारी देवेंद्र नाथ मिश्रा ने कहा कि पुलिस समाज के सम्पर्क में सबसे पहले आती है। सुरक्षा प्रदान करने, मदद करने या फिर समाज के किसी भी अभियान से सबसे पहले पुलिस जुड़ती है। पिछले सात दिनों में पुलिस के कई कार्य दिखाई दिए। सुरक्षा जागरूकता, एण्टी रोमियो स्क्वाॅड को तीव्रता प्रदान करना, अभियोजन को तेज करके महिला सम्बन्धी अपराधों के लिए जिम्मेदार तत्वों को सजा दिलाना तथा पिंक बूथ एवं पिंक पेट्रोल के माध्यम से एक नये अभियान के सृजन के साथ-साथ थाना परिसर में महिला हेल्प डेस्क की स्थापना जैसे कार्यक्रम एक छोटी समय सीमा में सम्पन्न हुए हैं।

बाल परियोजना अधिकारी रेखा रानी ने कहा कि प्रत्येक थाने में महिला हेल्प डेस्क के लिए एक पृथक कक्ष होना चाहिए। यह पारदर्शी कक्ष हो जहां ग्लास लगा हो। कक्ष में बैठने की उचित व्यवस्था, शुद्ध पेयजल, सी0सी0टी0वी0 कैमरा, कम्प्यूटर, रजिस्ट्रेशन की सुविधा, आवेदक महिला के लिए प्रार्थना पत्र लिखने के लिए स्टेशनरी की व्यवस्था होनी चाहिए। इसके अलावा, प्रशिक्षित महिला अधिकारी या कर्मचारी की तैनाती होनी चाहिए। कक्ष के बाहर महिला हेल्प डेस्क स्पष्ट तौर पर लिखा होना चाहिए। साथ ही, महिला कल्याण एवं सुरक्षा सम्बन्धी हेल्प लाइन यथा 1090, 102, 108, 112 तथा 1076 आदि नम्बरों को प्रदर्शित किया जाना चाहिए। इस सम्बन्ध में यह चेतवनी भी उल्लिखित होनी चाहिए कि गलत अथवा फेक काॅल पर सजा का प्राविधान है। इससे वास्तविक पीड़िता को त्वरित सहायता तथा तय समय-सीमा में न्याय दिलाने की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जा सकेगा। बाल परियोजना अधिकारी रेखा रानी ने कहा कि यह अभियान एकांगी नहीं है। अन्तर्विभागीय समन्वय के माध्यम से सभी विभागों का समन्वित रूप सामने आ रहा तथा महिला सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलम्बन की दृष्टि से उत्तर प्रदेश में महिला चार्टर की स्थापना करने में सभी सफल हो रहे।

खंड परियोजना अधिकारी राजकुमारी सिंह ने कहा कि कोई भी कार्यक्रम यदि शासकीय आयोजन रहता है तो एक औपचारिकता बन जाता है। मिशन शक्ति अभियान को हमें औपचारिकता नहीं बनने देना है। अभियान को व्यापक जनसहभागिता से सफलता की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि अभियान के प्रथम चरण में जागरूकता के कार्यक्रमों को संचालित किया जा रहा है। विजय दशमी के बाद आपरेशन शक्ति के रूप में मिशन शक्ति के कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाया जाएगा।

इस अवसर पर वरिष्ठ उपनिरीक्षक सुखबीर सिंह, उपनिरीक्षक लक्ष्मी नारायण, लायक राम शर्मा, अजय सिंह मलिक, राजकुमार, दुष्यंत कुमार कां. विकास कुमार, रोहतास सिंह, पवन कुमार, नरेंद्र यादव, भरत यादव,कल्यान सिंह, केके राणा, समय सिंह, कुशलपाल सिंह, महिला उपनिरीक्षक अन्नू कुमारी, कां0 हेमलता, प्रियंका कुमारी, कु. कुंती, सरिता, मनोज चौहान कवि, सतीश मधुक, आदि लोग मौजूद रहे।
0 Comments