मुजफ्फरनगर। नाम बदलकर प्रेमजाल में फंसाने के आरोप में जेल में बंद युवक पर महिला ने फोन पर मुकदमा वापस लेने की धमकी देने का आरोप लगाया है। साथ ही घर में खत फेंक कर सिर से धड़ से अलग करने की धमकी दी गई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
भूड़ चौकी क्षेत्र निवासी विधवा महिला ने थाने में दी तहरीर में बताया कि उसे एक अल्पसंख्यक वर्ग के एक व्यक्ति ने अपना नाम बदलकर प्रेम जाल में फंसा लिया था। पता चलने पर उसने आरोपी व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस ने उसे पकड़कर जेल भेज दिया था।
पीड़िता का कहना है कि उसे लगातार मुकदमा वापस लेने की धमकी दी जा रही है। शनिवार की रात उसके घर पर धमकी भरा खत फेंका गया। इसमें मुकदमा वापस लेने के साथ ही धर्म बदलने को कहा गया है। ऐसा न करने पर सिर धड़ से अलग करने की धमकी दी गई है। पीड़िता ने बताया कि जेल में बंद आरोपी भी उसे फोन कर मुकदमा वापस लेने की धमकी देता है। पीड़िता ने धमकी आने वाले फोन नंबरों को भी तहरीर में लिखा है। कोतवाली प्रभारी संजीव कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।

0 Comments