मुजफ्फरनगर:-मंसूरपुर में खंड शिक्षा अधिकारी-खतौली पंकज अग्रवाल ने मंसूरपुर क्षेत्र के खानूपुर गांव स्थित केके पब्लिक स्कूल का निरीक्षण किया। खंड शिक्षा अधिकारी ने बताया कि केके पब्लिक स्कूल को पूर्व में भी बंद कराने हेतु दो बार निरीक्षण करके नोटिस जारी किया जा चुका है। यह विद्यालय विभाग से बिना मान्यता के संचालित किया जा रहा है तथा यहां बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है। खंड शिक्षा अधिकारी ने केके पब्लिक स्कूल के संचालक को एक सप्ताह के अंदर विद्यालय बंद करने तथा समस्त छात्र-छात्राओं का नामांकन निकटस्थ परिषदीय प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालय में कराना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। चेतावनी दी कि ऐसा न करने पर नि:शुल्क एवं अनिवार्य बाल शिक्षा अधिकार अधिनियम के अंतर्गत आर्थिक दंड लगाकर विद्यालय बंद न करने की स्थिति में आर्थिक दंड लगाने की कार्रवाई की जाएगी।