मुजफ्फरनगर:- दैनिक जागरण और अल्ट्राटेक सीमेंट की ओर से ग्राम पंचायतों में बेहतर विकास कार्य कराने वाले प्रधानों को सम्मानित करने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। यशस्वी प्रधान योजना में फुगाना के प्रधान जीतेंद्र मलिक का चयन किया गया है। दैनिक जागरण और अल्ट्राटेक सीमेंट की यशस्वी ग्राम प्रधान योजना में मेरठ मंडल, सहारनपुर मंडल व बिजनौर से 700 से अधिक नामांकन हुए थे। दैनिक जागरण के मेरठ कार्यालय में निर्णायक मंडल ने 20 यशस्वी ग्राम प्रधानों का चयन किया। बुढ़ाना तहसील क्षेत्र के फुगाना ग्राम प्रधान जीतेंद्र मलिक को प्रभावी सोच रखने व गांव में बेहतर विकास कार्य कराने के लिए 20 यशस्वी प्रधानों की सूची में रखा गया है। जीतेंद्र मलिक को दैनिक जागरण व अल्ट्राटेक सीमेंट की ओर से मेरठ के दिल्ली रोड स्थित होटल कंट्री इन में 28 मई को सम्मानित किया जाएगा। गौरतलब है कि फुगाना में कराए गए विकास कार्यों के लिए केंद्र सरकार से ग्राम प्रधान जितेंद्र मलिक को तीन बार पंडित दीनदयाल उपाध्याय ग्राम पंचायत सशक्तिकरण पुरस्कार से सम्मानित किया जा चुका है। जीतेंद्र मलिक ने कहा कि ग्रामवासियों के सहयोग के बिना यह मुकाम पाना आसान नहीं था।