मुजफ्फरनगर :- बघरा के मंदिर में विशेष समुदाय के युवक के देवी माता की मूर्ति तोड़ने के मामले पर मुस्लिम समाज के जिम्मेदार लोगों ने दूसरे धर्म की आस्था से खिलवाड़ करने वाले लोगों पर सख्त कार्रवाई की आवाज उठाई है। समाज के लोगों ने साफ कहा है कि सभी भगवान और पैगंबर पूजनीय हैं। हमें एक-दूसरे के धर्म का सम्मान कर भाईचारा निभाना चाहिए। मुस्लिम समाज के लोगों ने कहा कि मुजफ्फरनगर की फिजा बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ प्रशासन सख्त से सख्त कदम उठाए। बघरा के मंदिर में यह हरकत करने वालों पर भी प्रशासन सख्त कार्रवाई करें। इन्होंने कहा..
बघरा में हुई घटना निहायत ही शर्मसार करने वाली है। इसकी हम कड़े शब्दों में निदा करते हैं। किसी भी व्यक्ति को दूसरे धर्म की आस्था से खिलवाड़ की इजाजत नहीं दी जा सकती। सभी धर्मो का सम्मान मनुष्य के संस्कार में होना चाहिए। सभी भगवान और पैगंबर पूजनीय हैं, हम जिला प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग करते हैं।।
- आसिफ राही, अध्यक्ष पैगाम-ए-इंसानियत ----
बघरा के मंदिर में देवी माता की मूर्ति तोड़ने का मामला चिताजनक है। किसी भी धर्म के देवी-देवताओं की मूर्ति नहीं तोड़नी चाहिए। ऐसे किसी भी काम की इजाजत इस्लाम नहीं देता है। मंदिर में घुसकर देवी माता की मूर्ति तोड़ने वाले इस्लाम के दुश्मन हैं। हम ऐसे लोगों की कड़ी मजम्मत करते हैं। ऐसे लोगों पर कार्रवाई होनी चाहिए।
- मौलाना खालिद जाहिद ----
बघरा कस्बे में मंदिर में देवी माता की मूर्ति तोड़ने का प्रकरण निदनीय है। इस घटना की हम कड़े शब्दों में निदा करते हैं और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग करते हैं। मुस्लिम भाइयों से अपील करते हुए कहा कि सभी धर्मो का सम्मान करें, सभी की पूजा पद्धति का सम्मान करें। रमजान शरीफ का महीना सब्र और धैर्य का सबब देता है। सभी के साथ भाईचारा बनाए रखना जरूरी है।
- तनवीर आलम, शहर काजी ---
बघरा के मंदिर में माता की मूर्ति तोड़ने का मामला जैसी ही संज्ञान में आया दुख हुआ। ऐसी घटना करने वाले की जितनी निदा की जाए, कम है। जो भी लोग मुजफ्फरनगर की फिजा खराब करने की कोशिश करते हैं उनका साथ नहीं देना चाहिए। हमारी प्रशासन से मांग है कि ऐसे लोगों को सख्त से सख्त सजा मिले, चाहे वह किसी भी धर्म से जुड़ा हो।
- मौलाना नजर मोहम्मद

0 Comments