मुजफ्फरनगर :- बुढ़ाना विधानसभा सीट से विधायक राजपाल सिंह बालियान को रालोद विधानमंडल दल का नेता चुना गया है। राजपाल बालियान तीसरी बार विधायक बने हैं। रालोद के आठ विधायकों में वरिष्ठता के चलते राजपाल बालियान को यह जिम्मेदारी दी गई है। इनके अलावा मेरठ की सिवालखास सीट से विधायक गुलाम मोहम्मद को विधानमंडल दल का उपनेता, छपरौली सीट से प्रो. अजय कुमार को मुख्य सचेतक, थानाभवन सीट से अशरफ अली को उप सचेतक और सादाबाद सीट से विधायक प्रदीप गुड्डू को कोषाध्यक्ष चुना गया है। बता दें कि विधानसभा चुनाव में रालोद के आठ विधायक बने हैं। विधायक दल की बैठक में पार्टी प्रमुख चौधरी जयंत सिंह को विधानमंडल दल के नेता और उपनेता चुनने के लिए अधिकृत किया था। जयंत सिंह ने नामों की घोषणा की। राजपाल बालियान के विधानमंडल दल का नेता चुने जाने से समर्थकों और पार्टी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं में खुशी है।



जाट सभा का सम्मान समारोह आयोजित


बुढ़ाना कस्बे के राष्ट्रीय इंटर कालेज में अखिल भारतीय जाट महासभा की ओर से सम्मान समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें विभिन्न क्षेत्रों में विशिष्ट कार्य करने वाले समाज के लोगों को सम्मानित किया गया।

मुख्य अतिथि अखिल भारतीय जाट महासभा के राष्ट्रीय महासचिव चौधरी युद्धवीर सिंह ने कहा कि जाट बिरादरी के युवाओं ने खेलों में देश का नाम दुनियाभर में रोशन किया है। युवाओं को खेलों में बढ़चढ़कर हिस्सा लेना चाहिए। आयोजक अनुपमा चौधरी ने कहा कि दहेज प्रथा, मृत्यु भोज जैसी कुरीतियों पर जाट बिरादरी को एकजुट होकर लगाम लगानी होगी। बेटियों को पढ़ाने-लिखाने पर जोर देना चाहिए। युवाओं को बुजुर्गो के पास बैठने के लिए प्रेरित करें और अच्छे संस्कार दें। कार्यक्रम के दौरान चौधरी धर्मवीर सिंह, बाबा उधम सिंह, मोहित मलिक, धर्मेद्र तोमर आदि को सम्मानित किया गया। इस दौरान सागर पंवार, अनुज बालियान, संजीव पंवार व विपुल तोमर आदि मौजूद रहे।