रतनपुरी। गांव कितास में युवती के साथ छेड़छाड़ का विरोध करने पर आरोपी युवक ने परिजनों के साथ मिलकर युवती के परिवार पर ईंट पत्थर और लाठी-डंडों से हमला किया। मारपीट में दो महिलाओं सहित पांच लोग घायल। पीड़ित की तहरीर पर आठ लोगों के विरुद्ध नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई है।रतनपुरी थाना क्षेत्र के गांव कितास निवासी विजयपाल ने बताया कि शनिवार को गांव के ही जोनी ने उसकी पुत्री के साथ छेड़छाड़ की थी। विरोध किया, तो जोनी ने मारपीट भी की। युवती ने घटना के संबंध में परिजनों को बताया। जोनी ने अपने परिजनों दीपक, प्रवीण एवं अरविंद, जयकुमार, मोहित, पुनीत एवं विकास आदि के साथ मिलकर पीड़िता के घर में घुसकर लाठी-डंडों व ईंट पत्थरों से हमला बोल दिया। जिसमें विजयपाल, चरण सिंह, मिथिलेश, नेहा, आदित्य घायल हो गए। घटना की सूचना पीड़ितों ने डायल 112 पर दी। जिसके बाद आरोपी धमकी देकर फरार हो गए। पीड़ित विजयपाल की तहरीर पर पुलिस ने दीपक, जोनी, प्रवीण, अरविंद, जयकुमार मोहित, पुनीत एवं विकास सहित आठ के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है।