मुजफ्फरनगर :- नगर की भरतिया कालोनी निवासी विजित राठी ने जिले को गर्व का अहसास कराया है। राजेंद्र सिंह राठी ने बताया कि उनके पुत्र विजित का चयन भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) में वैज्ञानिक के पद पर हुआ है। उनके चयन से स्वजन सहित दोस्तों में हर्ष की लहर है। मिठाई बांटकर खुशियां मनाई हैं। विजित ने शहर के एसडी पब्लिक स्कूल से इंटरमीडिएट की पढ़ाई की थी। इसके बाद उनका चयन भारतीय अंतरिक्ष विज्ञान व प्रौद्योगिकी संस्थान-त्रिवेंद्रम में बीटेक की पढ़ाई के लिए हो गया था। इस संस्थान में प्रतिवर्ष 140 बच्चों को चयनित किया जाता है, जिसमें पढ़ाई का खर्च सरकार वहन करती है।



रालोद अध्यक्ष चौधरी जयंत सिंह 27 जनवरी को आएंगे


रालोद के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी जयंत सिंह 27 जनवरी को जिले की तीन विधानसभा क्षेत्रों में आएंगे और कार्यकर्ताओं से संवाद करेंगे। प्रत्याशियों और पदाधिकारियों की बैठक लेंगे।

चौधरी जयंत सिंह 27 जनवरी को सुबह 11 बजे खतौली आएंगे। बुढ़ाना रोड स्थित रायल गार्डन में रालोद-सपा गठबंधन प्रत्याशी राजपाल सैनी के चुनाव अभियान को धार देंगे। इसके बाद दोपहर एक बजे बुढ़ाना कस्बा पहुंचेंगे। कृष्णा पैलेस में गठबंधन प्रत्याशी राज्यपाल बालियान के चुनाव अभियान की समीक्षा करेंगे। साथ ही जीत का मंत्र देंगे। इसके बाद दोपहर तीन बजे शहर में आएंगे। वृंदावन गार्डन में सदर विधानसभा से गठबंधन प्रत्याशी सौरभ स्वरूप के चुनाव अभियान के तहत कार्यक्रम रखा गया है।

रालोद प्रमुख कार्यकर्ताओं से संवाद करेंगे और पदाधिकारियों की बैठक लेंगे। रात्रि विश्राम भी जिले में ही करेंगे। रालोद जिलाध्यक्ष प्रभात तोमर ने बताया कि जयंत चौधरी का कार्यक्रम आ गया है। अभी तीन विधानसभा क्षेत्र में कार्यक्रम है। अन्य में बाद में कार्यक्रम होंगे। पुलिस-प्रशासन अलर्ट

जयंत के कार्यक्रम को लेकर पुलिस-प्रशासन अलर्ट हो गया है। दरअसल चुनाव आयोग ने रैली, सभा और रोड-शो पर पाबंदी लगाई है। ऐसे में तीनों विधानसभा क्षेत्रों में होने वाले कार्यक्रम में कितने लोग एकत्र होंगे, इसके लेकर अधिकारियों ने रालोद के पदाधिकारियों से वार्ता की है। आदर्श आचार संहिता और कोविड प्रोटोकाल का पालन करने को कहा गया है।